Sangeetha Vijay Attends Son Film Screening: फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाले विजय थलपति के बेटे जेसन संजय इन दिनों अपनी डेब्यू फिल्म 'सिग्मा' को लेकर सुर्खियों में हैं. जेसन संजय के निर्देशन में बनी उनकी पहली फिल्म 'सिग्मा' आज यानी 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है. इसी बीच जेसन संजय की मां और विजय थलपति की पत्नी संगीता सोरनलिंगम अपनी बेटी दिव्या साशा के साथ चेन्नई के एक थिएटर में फिल्म की शुरुआती स्क्रीनिंग के लिए पहुंचीं. फिल्म देखने के बाद संगीता ने अपने बेटे जेसन संजय को गले लगाया और शाबाशी दी, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
बेटे जेसन की फिल्म स्क्रीनिंग में पहुंचीं संगीता
वायरल हो रहे वीडियो में जेसन संजय की मां संगीता सोरनलिंगम और बहन दिव्या साशा को कमला सिनेमा में फिल्म 'सिग्मा' का फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखने के लिए पहुंचते हुए देखा जा सकता है। संगीता थिएटर के अंदर जाते समय पैपराजी को देखकर मुस्कुराती और उनका अभिवादन करती नजर आईं. वहीं, दिव्या अपनी मां के पीछे-पीछे चलती दिखाई दीं। इस खास मौके पर संगीता ने ऑफ-व्हाइट कुर्ता सेट पहना था, जबकि दिव्या ब्लैक टॉप और ब्लू जींस में कैजुअल लुक में नजर आईं. मां-बेटी के साथ परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी मौजूद थे.
वीडियो में दिखा मां-बेटे का प्यार
वहीं, एक वीडियो में संगीता सिनेमाघर से निकलते समय अपने बेटे जेसन को प्यार से गले लगाती और उनकी पीठ थपथपाती दिखाई दीं. संगीता और जेसन के मां-बेटे के प्यार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है. हाल ही में जेसन ने कहा था कि फिल्म देखने के बाद उनके पिता विजय थलपति को उन पर और उनकी फिल्म पर गर्व होगा.
विजय के शपथ ग्रहण में नहीं पहुंचे संगीता और बच्चे
बता दें कि विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम पिछले साल तलाक की अर्जी देने की खबरों को लेकर सुर्खियों में आई थीं. अपनी अर्जी में संगीता ने विजय पर शादी से बाहर अफेयर चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि, उन्होंने इस साल यह याचिका वापस ले ली. इस दौरान संगीता सोरनलिंगम और उनके बच्चे विजय थलपति के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए थे। इस बात ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं.