साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दमदार पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस रश्मिका अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में छाई रहीं थी, इस बीच एक बार फिर एक्ट्रेस चर्चा में हैं, वजह हैं रश्मिका ने बेबी बंप के साथ फोटोज शेयर की जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है.

क्या है तस्वीरों का सच?

एक्ट्रेस ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसी तस्वीरें शेयर कीं, जिन्हें देखकर फैंस एक पल के लिए हैरान रह गए. तस्वीर में रश्मिका ने बेबी बंप दिखाया है. जिसको लेकर सोशल मीडिया पर उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें लगने लगीं. हालांकि, तस्वीर का सच कुछ और ही है.

क्या बोलीं रश्मिका मंदाना?

दरअसल, रश्मिका खुद प्रेग्नेंट नहीं हैं. तस्वीर में नजर आ रहा बेबी बंप उनकी टीम की एक सदस्य का है. रश्मिका ने अपनी टीम के साथ बिताए कुछ खास पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों की खास बात यह है कि इन्हें किसी महंगे कैमरे या फोन से नहीं, बल्कि डिस्पोजेबल कैमरे से क्लिक किया गया है.

रश्मिका ने टीम को दिया था डिस्पोजेबल कैमरा

रश्मिका मंदाना ने तस्वीरों के साथ एक लंबा नोट भी लिखा है. उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उनके दिमाग में एक छोटा सा आइडिया आया था. उन्होंने अपनी टीम को एक डिस्पोजेबल कैमरा दिया और कहा कि उन्हें जो भी अच्छा लगे, उसकी तस्वीरें खींचें.

परफेक्शन के दौर में पुराना अंदाज

रश्मिका ने बताया कि इन तस्वीरों को तुरंत देखने का मौका नहीं था. यही वजह है कि जब तस्वीरें आखिरकार सामने आईं तो उन्हें देखकर एक अलग तरह की खुशी मिली. उनके मुताबिक, डिस्पोजेबल कैमरे से फोटो खींचने में सबसे खास बात यह है कि इसमें तस्वीर क्लिक करने के बाद उसे तुरंत देखा या दोबारा खींचा नहीं जा सकता.

रश्मिका को पसंद आया ये अंदाज

रश्मिका ने अपने पोस्ट में आज के दौर की सोशल मीडिया की आदत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब लोग एक अच्छी तस्वीर चुनने से पहले सैकड़ों फोटो क्लिक करते हैं. इसके बाद पसंद की फोटो को एडिट भी किया जाता है. ऐसे में डिस्पोजेबल कैमरे से ली गई तस्वीरें उन्हें ज्यादा खास लगीं, क्योंकि इनमें पल जैसा था, वैसा ही कैद हुआ. एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उन्हें यह अंदाज काफी पसंद आया और वह आगे भी ऐसा जरूर करेंगी.

इन फिल्मों में नजर आएंगी रश्मिका

रश्मिका मंदाना के वर्क फ्रंट की बात करें, तो एक्ट्रेस आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी. उनकी अपकमिंग फिल्मों में 'रणबाली' और 'मैसा' शामिल हैं. फिलहाल, उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच रही हैं.