R Madhavan Praises South Star Agaram Foundation Achievement: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई अभिनेता हैं, जो मुसीबत के समय देश की मदद के लिए हमेशा सबसे आगे रहते हैं. ऐसे एक्टर्स की लिस्ट में बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद और अक्षय कुमार से लेकर साउथ स्टार अल्लू अर्जुन तक के नाम शामिल हैं. लेकिन इसी इंडस्ट्री में कई एक्टर्स ऐसे भी हैं, जो चुपचाप लोगों की भलाई का काम कर रहे हैं. ऐसे ही एक नेक एक्टर के बारे में 'धुरंधर' स्टार आर माधवन ने बताया है. आर माधवन के अनुसार, इस स्टार की वजह से भारत को 51 डॉक्टर और 1800 इंजीनियर्स मिले हैं. आर माधवन जिस एक्टर की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि तमिल सुपरस्टार सूर्या हैं.

51 डॉक्टर, 1800 इंजीनियर…

दरअसल, हाल ही में आर. माधवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने सूर्या की शिक्षा से जुड़ी एक खास पहल के बारे में बताया. माधवन ने कहा कि सूर्या की शिक्षा से जुड़ी पहल 'अगरम फाउंडेशन' ने एक और उपलब्धि हासिल की है. माधवन ने पोस्ट में बताया कि यह संगठन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का समर्थन करता है. 'अगरम फाउंडेशन' से लाभ पाने वाले कई छात्र ऐसे हैं, जो अपने परिवार में शिक्षा प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति हैं. इस पोस्ट में दावा किया गया कि इस फाउंडेशन से लाभ पाने वाले छात्रों में से 51 डॉक्टर और 1,800 इंजीनियर बन चुके हैं. माधवन ने इस काम के लिए सूर्या को सलाम किया है.

6000 छात्रों की हो रही मदद

हाल ही में सूर्या ने चेन्नई में एक कार्यक्रम में बताया था कि पिछले 20 सालों में अगरम फाउंडेशन से 6,000 से अधिक छात्रों को लाभ मिला है. इनमें से अधिकतर ऐसे छात्र हैं, जो अपने परिवार में 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई करने वाले पहले सदस्य हैं.

सूर्या और माधवन की दोस्ती

बता दें कि आर. माधवन और सूर्या ने साल 2004 में आई मणिरत्नम की फिल्म 'आयुथा एझुथु' में साथ काम किया था. इसी फिल्म के सेट पर दोनों एक-दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए थे. इसके बाद साल 2022 में आई माधवन की पहली निर्देशित फिल्म 'रॉकेट्री: द नम्बी इफेक्ट' में सूर्या ने कैमियो किया था.