Pawan Kalyan: साउथ सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण बुधवार 15 जुलाई को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए. एक्टर के दाहिने कंधे की सर्जरी के चार दिन बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है. अब पवन बिल्कुल तरह ठीक हैं. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एक्टर-नेता हैदराबाद स्थित अपने घर चले गए, जहां वो डॉक्टरों की देखरेख में ठीक होने की प्रक्रिया जारी रखेंगे. एक्टर की पत्नी ने हेल्थ अपडेट दिया है.

पत्नी ने मेडिकल स्टाफ का जताया आभार

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडाला ने अपंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं और उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त किया. इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘आज हमें आखिरकार अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और हमारा दिल आभार से भरा है.'

आगे उन्होंने लिखा, 'मेरे पति का इतना बेहतरीन ख्याल रखने और बहुत ही कुशलता और प्रोफेशनलिज्म के साथ उनकी सर्जरी करने के लिए इस शानदार टीम का दिल से शुक्रिया. हमें पता था कि वो सबसे अच्छे हाथों में हैं और इससे हमारे परिवार को एक अनमोल चीज मिली, मन की शांति. सिर्फ आपकी विशेषज्ञता के लिए ही नहीं, बल्कि इस पूरे सफर के दौरान आपकी दयालुता, समर्पण और सहानुभूति के लिए भी धन्यवाद। हम हमेशा आपके आभारी रहेंगे.'

दाहिने कंधे की हुई सर्जरी

बता दें पवन कल्याण को बीते शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके दाहिने कंधे की रोटेटर कफ मांसपेशी में गंभीर चोट (टियर) के कारण सर्जरी करनी पड़ी. लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली इस सर्जरी को मशहूर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ पारदीवाला की टीम ने किया है. डॉक्टरों ने एक्टर को फिजियोथेरेपी शुरू करने से पहले अगले तीन हफ्ते तक पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है. मेडिकल टीम की निगरानी में पवन कल्याण का खास ध्यान रखा जा रहा है.