Pawan Kalyan And Anna Konidela Separation: साउथ सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर नहीं बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं, एक्टर और पॉलिटिशियन को लेकर दावा किया जा रहा है, कि उनकी तीसरी शादी टूट गई है, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें लिखा है कि कपल शादी के 13 साल बाद अलग हो रहा है, इस खबर ने उनके फैंस का दिल तोड़ दिया है.
तीसरी शादी टूटने की चर्चा से मची हलचल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित जॉइंट स्टेटमेंट में पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला के अलग होने की बात कही गई है. पोस्ट में लिखा है कि दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. साथ ही यह भी कहा गया है कि भले ही उनका वैवाहिक रिश्ता खत्म हो रहा हो, लेकिन एक-दूसरे के प्रति सम्मान और दोस्ती बनी रहेगी.
बयान में बच्चों की परवरिश को लेकर क्या कहा गया?
कथित बयान में बच्चों की परवरिश को लेकर भी बात कही गई है. इसमें बताया गया है कि दोनों मिलकर बच्चों की जिम्मेदारी निभाएंगे और उनकी खुशी हमेशा प्राथमिकता रहेगी. साथ ही लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की गई है. हालांकि, अभी तक इस पोस्ट की प्रामाणिकता सामने नहीं आई है. वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
कैसे शुरू हुई थी पवन और अन्ना की लव स्टोरी?
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की मुलाकात साल 2011 में तेलुगु फिल्म 'तीन मार' के सेट पर हुई थी. इस फिल्म में पवन लीड रोल में थे, जबकि अन्ना ने छोटा सा किरदार निभाया था. बताया जाता है कि यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. करीब दो साल एक-दूसरे को जानने के बाद सितंबर 2013 में दोनों ने शादी कर ली. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी.
तीन शादियां कर चुके हैं पवन कल्याण
पवन कल्याण की पर्सनल लाइफ हमेशा से सुर्खियों में रही है. उन्होंने साल 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी, लेकिन कुछ साल बाद दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. इसके बाद साल 2009 में उन्होंने एक्ट्रेस रेणु देसाई से दूसरी शादी की. इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हैं. हालांकि, साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया था.
क्या बोले पवन कल्याण और अन्ना?
इसके बाद पवन ने अन्ना कोनिडेला के साथ तीसरी बार घर बसाया. अब 13 साल बाद उनकी तीसरी शादी टूटने की खबरें वायरल हो रही हैं. हालांकि, जब तक पवन कल्याण या अन्ना कोनिडेला की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक इस खबर को महज सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा ही माना जाना चाहिए.