Music Composer Deva Cause of Death: साउथ सिनेमा से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के दिग्गज और सभी के फेवरेट म्यूजिक कंपोजर देवा का निधन हो गया है. सुपरस्टार रजनीकांत की सभी फिल्मों के इंट्रो म्यूजिक को कंपोज करने वाले देवा ने 17 अक्टूबर को 75 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली है. उनके निधन की खबर ने साउथ इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड तक को हिला कर रख दिया है. देवा की मौत की खबर सामने आते ही रजनीकांत से लेकर सीएम थलपति विजय तक ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी. वहीं, इंटरनेट पर फैंस देवा की मृत्यु का कारण जानना चाह रहे हैं.

75 साल की उम्र में निधन

डीटी नेक्स्ट और सन न्यूज के अनुसार, कंपोजर देवा का निधन 17 अक्टूबर को 75 साल की उम्र में हुआ. बताया जा रहा है कि कंपोजर देवा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि देवा की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है. शनिवार को चेन्नई के कोडंबक्कम के एक प्राइवेट अस्पताल, सूर्या में सुबह करीब 8:30 बजे कंपोजर देवा ने दम तोड़ा.

90 मिनट तक की बचाने की कोशिश

हाल ही में, दिग्गज संगीतकार देवा का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने उनके आखिरी समय के बारे में बताया है. डॉक्टरों ने बताया कि उनकी पहले से मौजूद दिल की बीमारी और अस्पताल पहुंचने के समय के हालात ने उनके ठीक होने की संभावना को कम कर दिया था. मेडिकल टीम ने बताया कि उन्होंने दिशानिर्देशों के अनुसार, कंपोजर देवा को इमरजेंसी ट्रीटमेंट दिया और फिर उनके परिवार को बताया गया कि बहुत कोशिशों के बावजूद उनकी पल्स वापस नहीं आई. डॉक्टरों ने कंपोजर देवा को लगभग 90 मिनट तक होश में लाने की कोशिश की.

दिल का दौरा पड़ने से निधन

चेन्नई के नुंगमबक्कम स्थित एक निजी अस्पताल में एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विभाग की चीफ डॉ. शिवदर्शनी ने सन न्यूज से बात करते हुए कहा, 'जब हम यहां आए, तो उनकी नब्ज नहीं चल रही थी. जिन लोगों की नब्ज नहीं चलती, उन्हें हम एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट देते हैं. इसलिए, हमने छाती पर दबाव डाला, शॉक दिया. दिशानिर्देशों के अनुसार, हमने लगभग एक से डेढ़ घंटे तक कोशिश की.' इन कोशिशों के बावजूद, डॉक्टर उन्हें होश में नहीं ला सके. डॉक्टर ने बताया कि देवा को पहले से ही दिल की बीमारी थी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा था.