मनोरंजन जगत में कई एक्टर और एक्ट्रेसेस ऐसी हैं, जिन्होंने कई बार अपनी सेहत से जुड़ी चीजों को फैंस के साथ शेयर किया है, हाल ही में एक एक्ट्रेस ने ज्यादा मोबाइल यूज करने की वजह से झेले बेतहाशा दर्द को अपने फैंस के साथ साझा किया है, और उनसे ज्यादा फोन का इस्तेमाल न करने की अपील भी की है. हम मलयालम फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस शकीला की बात कर रहे हैं, जो इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. एक्ट्रेस की हाल ही में गर्दन की बड़ी सर्जरी हुई है. शकीला ने खुद अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो शेयर कर अपनी बीमारी और सर्जरी के बारे में बताया. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी इस हालत के पीछे लंबे समय तक गलत पोस्चर में मोबाइल फोन देखना बड़ी वजह बना.
चार-चार घंटे फोन पर खेलती थीं गेम
शकीला ने बताया कि उन्हें बिस्तर पर करवट लेकर लेटकर मोबाइल चलाने की आदत थी. वह लगातार करीब चार घंटे तक फोन पर गेम खेलती थीं. इसके बाद चाय या कॉफी पीने के लिए उठतीं और फिर वापस आकर गेम खेलने लगती थीं. गेम के अलावा वह घंटों YouTube और Instagram पर रील्स भी देखती थीं.
एक्ट्रेस को आखिर हुआ क्या?
एक्ट्रेस के मुताबिक, लंबे समय तक गलत पोस्चर में फोन इस्तेमाल करने की वजह से उनकी गर्दन की नसों पर गंभीर असर पड़ा. समस्या इतनी बढ़ गई कि आखिरकार उन्हें ऑपरेशन करवाना पड़ा. इस सर्जरी में करीब 3 लाख रुपये खर्च हुए.
अब छोटे कामों के लिए भी लेनी पड़ रही मदद
सर्जरी के बाद शकीला को नेक कॉलर पहनने की सलाह दी गई है. उनके वीडियो में वह नेक कॉलर पहने नजर आईं. एक्ट्रेस ने बताया कि फिलहाल उन्हें बिस्तर से उठने और खाना खाने जैसे रोजमर्रा के छोटे कामों के लिए भी दूसरों की मदद लेनी पड़ रही है.
एक्ट्रेस की लोगों को सलाह
शकीला ने लोगों को मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल से बचने की सलाह दी. उन्होंने खास तौर पर माता-पिता से बच्चों को ज्यादा गैजेट्स न देने की अपील की. एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि बेवजह फोन चलाने से बचें, वरना उनकी तरह लाखों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं और दर्द भी सहना पड़ सकता है.
कौन हैं एक्ट्रेस शकीला?
शकीला सी बेगम का जन्म आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के पास हुआ था. उन्होंने मलयालम फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत की और 2000 में आई फिल्म 'किन्नाराथुम्बिकल' से उन्हें बड़ी पहचान मिली. कम बजट में बनी इस फिल्म ने शानदार कमाई की और शकीला रातोंरात पॉपुलर हो गईं.
इन फिल्मों से मिली पहचान
एक समय ऐसा भी था जब मलयालम इंडस्ट्री में शकीला की फिल्मों का जबरदस्त क्रेज था. उनके नाम से 'शकीला तरंगम' यानी 'शकीला की लहर' तक कही जाने लगी थी. बाद में उन्होंने 'छोटा मुंबई', 'तेजा भाई एंड फैमिली' समेत कई फिल्मों में काम किया. मलयालम के अलावा वह तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं.
अब कैसी हैं एक्ट्रेस?
फिलहाल, शकीला सर्जरी के बाद रिकवरी कर रही हैं और अपने एक्सपीरियंस के जरिए लोगों को मोबाइल के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से बचने की सलाह दे रही हैं.