Mahesh Babu Birthday: साउथ सुपरस्टार महेश बाबू आज यानी 9 अगस्त को अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उनके फैंस को फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली ने बड़ा तोहफा दिया है. राजामौली ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'वाराणसी' से महेश बाबू के कुछ शानदार ग्लिम्प्स शेयर किए हैं. तस्वीरों में महेश बाबू अफ्रीका के घने जंगलों के बीच नजर आ रहे हैं और उनके पीछे जंगली जानवर दिखाई दे रहे हैं. इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.

अफ्रीका के जंगलों में नजर आए महेश बाबू

राजामौली की 'वाराणसी' को एक बड़े एडवेंचर थ्रिलर के तौर पर बनाया जा रहा है. फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की शूटिंग भारत के अलावा दुनिया के कई हिस्सों में की गई है.

महेश बाबू के जन्मदिन पर खास तोहफा

महेश बाबू के जन्मदिन पर सामने आए ग्लिम्प्स में उनका लुक काफी दमदार नजर आ रहा है. एक तस्वीर में उनका साइड प्रोफाइल दिखाई देता है, जबकि पीछे अफ्रीका का शानदार जंगल और जंगली जानवर नजर आ रहे हैं. तस्वीर देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है कि इसे किसी बड़े सेट या VFX की मदद से तैयार किया गया है, लेकिन राजामौली के मुताबिक ये नजारे असली हैं.

राजामौली ने बताया अफ्रीका शूट का अनुभव

एस.एस. राजामौली ने अफ्रीका में शूटिंग के अपने अनुभव को भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि किलिमंजारो और मसाई मारा में शूटिंग करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. वहां की प्राकृतिक खूबसूरती ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि कई बार उन्हें लगा कि कैमरे का फ्रेम भी उस नजारे को पूरी तरह कैद नहीं कर सकता.

क्या है 'वाराणसी' की कहानी?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में महेश बाबू 'रुद्र' नाम के किरदार में नजर आएंगे. उनकी कहानी एक रहस्यमयी उल्कापिंड और एक बेहद खतरनाक मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है. रुद्र को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जाकर एक प्राचीन रहस्यमयी चीज की तलाश करनी है.

'मंदाकिनी' के रूप प्रियंका देंगी साथ

इस सफर में उनके साथ एक निडर इतिहासकार 'मंदाकिनी' भी होंगी, जिसका किरदार प्रियंका चोपड़ा निभा रही हैं. कहानी अफ्रीका के जंगलों से लेकर अंटार्कटिका की बर्फीली जमीन और यूरोप तक पहुंचती है. इस दौरान उनका सामना टेक्नोलॉजी के जीनियस विलेन 'कुंभा' से होता है.

'रामायण' में राम बनेंगे महेश बाबू

'वाराणसी' की सबसे खास बातों में से एक फिल्म का रामायण से जुड़ा हिस्सा है. फिल्म में करीब 25-30 मिनट का रामायण सीक्वेंस होने की बात सामने आई है, जिसमें महेश बाबू भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. राजामौली खुद इस बात का खुलासा कर चुके हैं.

कब रिलीज होगी फिल्म?

फिल्म को बड़े स्तर पर IMAX के लिए शूट किया जा रहा है. 'वाराणसी' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है और अब महेश बाबू के इस नए ग्लिम्प्स ने उनकी एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है. फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.