जूनियर NTR के लिए अगस्त का महीना काफी भावुक रहा है. कंधे की सर्जरी के बाद जहां एक्टर आराम कर रहे हैं, वहीं अब उनके परिवार को एक और दुख का सामना करना पड़ा है. जूनियर NTR के बेहद करीब रहे उनके प्यारे पालतू कुत्ते बघीरा का निधन हो गया है. बर्नीज माउंटेन डॉग बघीरा करीब चार साल तक एक्टर और उनके परिवार का हिस्सा रहा.
एक्टर ने शेयर की भावुक पोस्ट
जूनियर NTR ने सोशल मीडिया पर बघीरा के निधन की खबर शेयर की और उसके साथ बिताए खूबसूरत पलों की कई तस्वीरें पोस्ट कीं. इन तस्वीरों में एक्टर कभी अपने प्यारे दोस्त को गले लगाते नजर आए तो कभी उसके साथ घर में मस्ती करते दिखाई दिए. पोस्ट की आखिरी तस्वीर बघीरा की दफनाने की जगह की थी, जिसने फैंस को भी भावुक कर दिया.
पोस्ट ने फैंस की नम की आंखें
जूनियर NTR ने अपने पोस्ट में बघीरा के लिए बेहद भावुक नोट लिखा. उन्होंने बताया कि कैसे बघीरा सिर्फ एक पालतू जानवर नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे परिवार का अहम हिस्सा बन गया था. एक्टर ने लिखा कि बघीरा ने उनकी जिंदगी को प्यार, वफादारी और शरारत से भर दिया था.
'घर में छाई खामोशी'
एक्टर ने आगे कहा कि उसके जाने के बाद घर में जो खामोशी छाई है, वह बेहद बड़ी महसूस हो रही है. हालांकि, बघीरा के साथ बिताए चार साल और उससे मिला प्यार हमेशा उनकी यादों में जिंदा रहेगा. जूनियर NTR ने अपने छोटे दोस्त को आजादी से दौड़ने की बात कहते हुए हमेशा प्यार करने का वादा भी किया.
वर्क फ्रंट पर जूनियर NTR
वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर NTR जल्द ही प्रशांत नील की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'ड्रैगन' में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी 1960 के दशक के आखिर की पृष्ठभूमि पर बताई जा रही है और इसमें अफीम के कारोबार की दुनिया दिखाई जाएगी.
करीबी छोटे दोस्त का छूटा साथ
बहरहाल, सालों से जिस दोस्त के साथ इतना कीमती वक्त बिताया, उसके अचानक से चले जाने से जो खालीपन एक्टर की जिंदगी में आया है, वह इतनी आसानी से तो नहीं भरेगा, लेकिन कहते है न कि वक्त हर जख्म को भर देता है, तो उम्मीद है कि एक्टर भी इस दुखभरे समय से धीरे-धीरे उबर पाएंगे.