Jason Sanjay Breaks Silence Family Rumours: फिल्मों के सुपरस्टार से राजनीति के महानायक बने थलपति विजय एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय इस बार अपने बेटे जेसन संजय की वजह से चर्चाओं में बने हुए हैं. फिल्म 'सिग्मा' से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रहने वाले जेसन संजय ने हाल ही में अपने पिता विजय की ऐतिहासिक चुनावी जीत से लेकर अपने करियर की शुरुआत और पारिवारिक विवाद पर खुलकर बात की है. इस दौरान उन्होंने पापा विजय और मां संगीता के बीच अनबन की अफवाहों पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी है. चलिए जानते हैं कि उन्होंने इस मामले पर क्या कुछ कहा है.

यह एक ऐतिहासिक क्रांति…

बिहाइंडवुड्स टीवी को दिए एक इंटरव्यू में जेसन ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में पिता विजय की ऐतिहासिक जीत पर बात करते हुए कहा, 'यह एक ऐतिहासिक क्रांति है. इसके चलते, चाहे मैं हूं, मेरी बहन हो या मेरा पूरा परिवार, हम सभी को एक अतिरिक्त जिम्मेदारी और विरासत मिली है जिसे हमें आगे बढ़ाना है. हमें इसकी रक्षा भी करनी होगी. हमें बेहद सतर्क और सावधान रहना होगा.'

पापा ने ही प्रेरित…

जेसन ने आगे कहा, 'पापा चाहते थे कि मैं अपनी खुद की पहचान और नाम बनाऊं. हम दोनों के लिए सबसे अच्छी बात यह थी कि हम एक ही तरह से सोचते थे. हमारी सोच एक जैसी थी. एक पिता के रूप में उन्होंने मेरी मदद की. लेकिन जब मेरे करियर की बात आई, तो उन्होंने मुझे खुद से चीज़ें सीखने और ग्राउंड लेवल से चीजे सीखने के लिए प्रेरित किया.'

लोग कुछ भी सोच लेते…

इस दौरान जेसन ने सीधे तौर पर बिना जिक्र किए अपने परिवार को लेकर फैली अफवाहों पर भी बात की. उन्होंने कहा, 'कभी-कभी पॉजिटिव रिएक्शन आता है, तो कभी-कभी नेगेटिव भी आता है. मैं अक्सर इन पोस्ट और कमेंट्स को पढ़ता रहता हूं. मैं देखता हूं कि लोगों के रिएक्शन कैसे है, चाहे वह मेरी फिल्म के बारे में हो या मेरे परिवार के बारे में. लोग हमारे बारे में कुछ भी सोच लेते हैं. मेरे परिवार की वजह से मुझे बहुत सारा प्यार, विरासत और जिम्मेदारी मिली हुई है.'