Jana Nayagan Release Date: सी. जोसेफ विजय यानी थलापति विजय ने राजनीति में कदम रखने के बाद अभिनय को अलविदा कह दिया है. ऐसे में उनकी आखिरी फिल्म Jana Nayagan को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. यह फिल्म पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कई वजहों से इसकी रिलीज टल गई. अब करीब सात महीने बाद फिल्म की रिलीज को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jana Nayagan 24 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है. हालांकि, अभी तक फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस खबर ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है.
किसने दी जानकारी?
दरअसल, कनाडा की थिएटर चेन York Cinemas ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि थलापति विजय की मोस्टअवेटेड फिल्म 24 जुलाई से बड़े पर्दे पर रिलीज की जाएगी. पोस्ट में लिखा गया कि दर्शक थिएटर में एक बड़े जश्न के लिए तैयार रहें और जल्द ही टिकटों से जुड़ी जानकारी भी शेयर की जाएगी.
क्या कह रहीं रिपोर्ट्स?
इतना ही नहीं, फिल्म ट्रेड से जुड़े प्लेटफॉर्म Let's Cinema ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसी रिलीज डेट का जिक्र किया है. हालांकि, जब तक मेकर्स की ओर से आधिकारिक ऐलान नहीं होता, तब तक इसे केवल रिपोर्ट्स और चर्चाओं के तौर पर ही देखा जा रहा है.
नई रिलीज डेट, फैंस एक्साइटेड
बता दें, कि एच. विनोद के निर्देशन में बनी Jana Nayagan पहले 10 जनवरी को रिलीज होने वाली थी. लेकिन फिल्म को समय पर सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिल पाई. जिसके चलते इसकी रिलीज रोक दी गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले ने कानूनी मोड़ भी लिया था और फिल्म लंबे समय तक अटकी रही.
सेंसर बोर्ड से मिली हरी झंडी
कुछ दिन पहले ही खबर आई थी कि फिल्म को आखिरकार सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है. इसके बाद से ही फैंस को उम्मीद थी कि जल्द ही नई रिलीज डेट का ऐलान होगा. अब 24 जुलाई की तारीख सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
मेकर्स के ऐलान की इंतजार
अगर यह रिलीज डेट सही साबित होती है, तो Jana Nayagan थलापति विजय के फिल्मी करियर का आखिरी अध्याय होगी. ऐसे में फैंस इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब सभी की निगाहें मेकर्स की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं.