Jailer 2 Box Office Collection Day 19: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों अपनी फिल्म 'जेलर 2' को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं, उनकी फिल्म को रिलीज हुए पूरे 19 दिन हो गए हैं और यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है, लेकिन तीसरे सोमवार के टेस्ट में फिल्म की रफ्तार थोड़ी धिमी पड़ती नजर आई है, जो 460 करोड़ के आंकड़े के करीब तो पहुंच गई है, लेकिन बड़ा सवाल उठता है कि क्या यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाएगी?
तीसरे सोमवार 'जेलर 2' की कमाई में आई गिरावट
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी 'जेलर 2' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म ने तीसरे वीकेंड पर शानदार कमाई की थी, लेकिन सोमवार आते ही इसके कलेक्शन की रफ्तार धीमी पड़ गई. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे सोमवार को भारत में 3.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है.
भाषा के हिसाब से फिल्म ने जुटाए कितने रुपये?
भाषा के हिसाब से देखें तो तमिल वर्जन ने 3,092 शोज से 1.94 करोड़ रुपये कमाए. वहीं, हिंदी वर्जन से 3,088 शोज के जरिए 53 लाख रुपये की कमाई हुई. तेलुगु वर्जन ने 713 शोज से 41 लाख रुपये जुटाए. इसी के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 459.70 करोड़ रुपये हो गया है.
फिल्म ने पहले और दूसरे हफ्ते में कितनी की कमाई?
फिल्म की कमाई का सफर देखें तो पहले हफ्ते में इसने 334.35 करोड़ रुपये बटोरे थे, जबकि दूसरे हफ्ते में 95.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
क्या 500 करोड़ तक पहुंच पाएगी रजनीकांत की फिल्म?
'जेलर 2' अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ क्लब में शामिल होने से महज 40.30 करोड़ रुपये दूर है, लेकिन मौजूदा कलेक्शन को देखते हुए यह मंजिल आसान नहीं लग रही है. तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई लगातार धीमी हो रही है. वहीं, 5 नवंबर को रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. ऐसे में 'जेलर 2' के शोज कम होने और कमाई पर असर पड़ने की संभावना है.
वर्ल्डवाइड 812 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भले ही फिल्म की रफ्तार धीमी हुई हो, लेकिन दुनियाभर में इसका जलवा बरकरार है. रिपोर्ट के मुताबिक, 19वें दिन फिल्म ने विदेशों में 75 लाख रुपये की कमाई की. इसके साथ इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 274.25 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 812 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.
क्या है 'जेलर 2' की कहानी?
फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं. कहानी एक रिटायर्ड जेलर की है, जिसकी जिंदगी तब बदल जाती है. जब उसका सामना मूर्तियों की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह से होता है. परिवार की सुरक्षा और अपराधियों तक पहुंचने के लिए वह अंडरकवर मिशन पर निकलता है.
इन सितारों से सजी है फिल्म
फिल्म में रजनीकांत के साथ मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, विद्या बालन, एसजे सूर्या और योगी बाबू जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. अब देखना होगा कि फिल्म 500 करोड़ के घरेलू आंकड़े तक पहुंच पाती है या नहीं.