संत नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा चमत्कार किया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया. अब हिंदी में धमाकेदार सफलता के बाद यह फिल्म तेलुगु दर्शकों के बीच भी पहुंचने जा रही है. मेकर्स ने इसकी तेलुगु रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है.
कैसे फिल्म ने पकड़ी रफ्तार
दरअसल, 'हनुमान अंश' शुरुआत में सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी. रिलीज के पहले दो हफ्तों तक फिल्म का प्रदर्शन बेहद धीमा रहा और इसकी कमाई भी उम्मीद के मुताबिक नहीं थी, लेकिन इसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच ऐसा माहौल बना कि टिकट खिड़की पर इसकी रफ्तार लगातार बढ़ती चली गई. देखते ही देखते यह फिल्म साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट फिल्मों में शामिल हो गई.
सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
फिल्म की बढ़ती पॉपुलैरिटी को देखते हुए मेकर्स ने इसे दूसरी भाषाओं में रिलीज करने का फैसला लिया. भारतीय फिल्म निर्माण और वितरण कंपनी होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी कि 'हनुमान अंश' का तेलुगु वर्जन 9 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा. पोस्ट में लिखा गया कि अब तेलुगु दर्शक भी बड़े पर्दे पर इस फिल्म की दिव्यता और भावनात्मक कहानी का अनुभव कर सकेंगे.
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में संत नीम करौली बाबा का किरदार अभिनेता शोभिनव सत्या ने निभाया है. वहीं इसका निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है. फिल्म को रागिनी सोना, अनुप्रिया नागर और नम्रता जी. सिंह ने मिलकर प्रोड्यूस किया है.
क्या साउथ में भी कमाल दिखा पाएगी फिल्म?
कमाई की बात करें, तो 'हनुमान अंश' ने 56 दिनों में दुनियाभर में 414.06 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. भारत में भी फिल्म 317 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि हिंदी के बाद तेलुगु दर्शक इस फिल्म को कितना प्यार देते हैं और क्या 'हनुमान अंश' दक्षिण भारत में भी नया रिकॉर्ड बना पाती है.