FIR Against Malayalam Actor Vinayakan: मलयालम एक्टर विनायकन एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. एक्टर के खिलाफ एक आठ साल की लड़की की फोटो ऑनलाइन पोस्ट करने के मामले FIR दर्ज कराई गई है.

मलयालम एक्टर विनायकन के खिलाफ केस

रिपोर्ट्स के मुताबिक केरल पुलिस ने मावेलिकारा में एक आठ साल की लड़की की फोटो ऑनलाइन पोस्ट करने के आरोप में मलयालम एक्टर विनायकन के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार ये केस बुधवार को तब दर्ज किया गया जब लड़की के पिता ने केरल राज्य बाल अधिकार आयोग से संपर्क किया. आयोग ने पुलिस को शिकायत पर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.

आठ साल की लड़की की फोटो का गलत इस्तेमाल

PTI के मुताबिक पुलिस ने जानकारी दी है कि, 'मावेलिकारा में रहने वाले लड़की के पिता हाल ही में केरल राज्य बाल अधिकार आयोग की सुनवाई में शामिल हुए थे. वहीं FIR में आरोप लगाया गया है कि एक फेसबुक पोस्ट को फॉरवर्ड करने को लेकर हुई दुश्मनी के कारण एक्टर विनायकन ने 24 जुलाई 2025 को सुबह लगभग 2 बजे शिकायतकर्ता द्वारा भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज का स्क्रीनशॉट लिया. इसके साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ता की व्हाट्सएप प्रोफाइल फोटो का भी स्क्रीनशॉट लिया, जिसमें उनकी आठ साल की बेटी की तस्वीर थी. इसके बाद विनायकन ने शिकायतकर्ता की अनुमति के बिना अपने वेरिफाइड फेसबुक अकाउंट के जरिए इन स्क्रीनशॉट और शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर शेयर किया.’

हुआ परिवार का अपमान और बदनामी

FIR में आरोप लगाया गया है कि कई अज्ञात लोगों ने विनायकन की फेसबुक पोस्ट को शेयर किया. इसके बाद शिकायतकर्ता और उनके परिवार का अपमान करने और उनकी बदनामी करने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थीं. दरअसल, विनायकन की फेसबुक पोस्ट पर मोबाइल नंबर देखकर उसे अभिनेता का नंबर समझकर, कई लोगों ने शिकायतकर्ता को फोन किया और अपशब्द कहे, जिससे शिकायतकर्ता, उनकी बेटी और उनके परिवार को काफी बदनामी हुई.

कई धाराओं के तहत केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि कई धाराओं के तहत अभिनेता विनायकन पर केस दर्ज हुआ है. इसमें किसी महिला की गरिमा का अपमान करने या उसकी निजता में दखल देने के इरादे से किए गए कृत्य से संबंधित धारा भी शामिल है. एक्टर के खिलाफ आईटी एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की धाराओं के तहत भी केस दर्ज किया गया है. ये कोई पहली बार नहीं है. इससे पहले कई बार विनायकन विवादों में घिर चुके हैं. उनपर मानहानि और सार्वजनिक उपद्रव के कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं.