साउथ सिनेमा से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है. मशहूर संगीतकार और गायक देवा का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने 17 अक्टूबर को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह बीमार थे और उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. उनके निधन की खबर से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. देवा को उनके शानदार संगीत के लिए 'थेनिसाई थेन्द्रल' के नाम से जाना जाता था.
अस्पताल में ली आखिरी सांस
देवा का असली नाम देवानेसन चोक्कलिंगम था. 20 नवंबर 1950 को जन्मे देवा को बचपन से ही संगीत का शौक था और यही कारण है जो उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेने के बाद अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 अक्टूबर शनिवार की सुबह करीब 8.30 बजे उन्हें चेन्नई के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली.
रजनीकांत की फिल्मों को दिया संगीत
देवा ने अपने करियर में तमिल सिनेमा के कई बड़े सितारों की फिल्मों को अपने संगीत से सजाया. रजनीकांत को पहचान दिलाने में उनका बड़ा योगदान रहा है, दरअसल थलाइवा की फिल्म 'अन्नामलाई', 'अरुणाचलम' और 'बाशा' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपना म्यूजिक दिया था.
400 से ज्यादा फिल्मों के लिए तैयार किया म्यूजिक
तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में देवा ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम की 400 से अधिक फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया. उनके गाने आज भी सिनेमा प्रेमियों के बीच पॉपुलर हैं.
'गाना' म्यूजिक को दिलाई खास पहचान
देवा की सबसे बड़ी खासियत चेन्नई की पॉपुलर 'गाना' संगीत शैली थी. उन्होंने इस शैली को तमिल फिल्मों के जरिए बड़ी पहचान दिलाई. फिल्म 'काधल कोट्टई' का गाना 'कावलायपाडाथे सगोधरा' उनके चर्चित गानों में शामिल है. इसके अलावा, उन्होंने कई रोमांटिक धुनें और भक्ति गीत भी तैयार किए.
देवा कई पुरस्कारों से हुए सम्मानित
देवा को उनके शानदार काम के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. उन्हें तमिलनाडु सरकार का प्रतिष्ठित 'कलैममनी' पुरस्कार मिला. फिल्म 'आसाई' के लिए तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार और कन्नड़ फिल्म 'अमृता वर्षिणी' के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार भी उनके नाम रहा. बहरहाल, देवा का जाना साउथ सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है. उनका संगीत और फिल्मों में दिया गया योगदान हमेशा याद किया जाएगा.