मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. महज 27 साल की उम्र में डायरेक्टर बेलराज कलारिकल का निधन हो गया है. वह अपनी वेब सीरीज 'कापी स्क्वाड' को लेकर चर्चा में थे, जो जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी. सीरीज की रिलीज के महज दो दिन बाद ही उनके निधन की खबर ने फैंस और फिल्म इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया. सबसे दुखद बात यह है कि बेलराज की शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था. उनकी मौत के बाद पत्नी अथिरा बिंदु साबू की आखिरी पोस्ट और दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
होटल के कमरे में मृत मिले बेलराज कलारिकल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेलराज कलारिकल शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को केरल के कोच्चि स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाए गए. सिनेमा एक्सप्रेस और मनीकंट्रोल की रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई. हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनकी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अचानक दुनिया छोड़ गए बेलराज कलारिकल
बेलराज के अचानक दुनिया छोड़ने की खबर से उनके चाहने वाले काफी दुखी हैं. जियो हॉटस्टार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. प्लेटफॉर्म ने लिखा, 'कुछ विदाई बहुत जल्दी हो जाती हैं. रेस्ट इन पीस, बेलराज कलारिकल.' इस पोस्ट के बाद फैंस ने भी डायरेक्टर को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.
'कापी स्क्वाड' की रिलीज के बाद मिली दुखद खबर
बेलराज कलारिकल ने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने 'निझल' , 'मधुरम' और 'दाकिनी' जैसी फिल्मों में काम किया था. इसके बाद उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और अपनी वेब सीरीज 'कापी स्क्वाड' से पहचान बनाने की कोशिश की. सीरीज की रिलीज के कुछ ही समय बाद उनके निधन की खबर सामने आने से हर कोई हैरान रह गया.
6 साल का प्यार, शादी के एक महीने बाद छूटा साथ
बेलराज की निजी जिंदगी की बात करें, तो उन्होंने अथिरा बिंदु साबू के साथ छह साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी की थी. दोनों ने 12 सितंबर 2026 को सात फेरे लिए थे, लेकिन शादी के कुछ ही हफ्तों बाद अथिरा की जिंदगी में ऐसा दुख आ गया, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी.
वेडिंग रिसेप्शन की तस्वीरें हुईं थीं वायरल
बेलराज और अथिरा की आखिरी चर्चित तस्वीर उनके वेडिंग रिसेप्शन की है. अथिरा ने इसे 29 सितंबर को इंस्टाग्राम पर शेयर किया था. इसके साथ उन्होंने अपने छह साल के रिश्ते को याद करते हुए लिखा था, 'छह साल पहले मैंने एक मैसेज का जवाब दिया था और मुझे जैकपॉट मिल गया. आखिरकार हमने कर दिखाया.'
पोस्ट लोगों को कर रही भावुक
आज वही खूबसूरत यादें सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही हैं. जिस रिश्ते की शुरुआत एक मैसेज से हुई थी, वह शादी के कुछ ही समय बाद एक दर्दनाक मोड़ पर आकर थम गया. बेलराज के निधन से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री ने एक युवा फिल्ममेकर खो दिया है.