Allu Sirish Complains For Temple Loud Music: साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के छोटे भाई और तेलुगु सिनेमा के स्टार अल्लू सिरिश एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दरअसल, हाल ही में अल्लू सिरिश ने हैदराबाद के एक हनुमान मंदिर से आ रहे तेज म्यूजिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद एक्टर चर्चा में आ गए हैं. अल्लू सिरिश का कहना है कि मंदिर से आने वाले तेज म्यूजिक के शोर के कारण उनकी हाउसिंग सोसाइटी के लोग रात 2 या 3 बजे तक सो नहीं पा रहे हैं. उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाया था. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.

क्या है पूरा मामला?

अल्लू सिरिश ने 27 सितंबर को X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यह मुद्दा उठाया. सिरिश ने कहा कि पुलिस में शिकायत करने के बाद भी उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ. उनकी पोस्ट के बाद हैदराबाद सिटी पुलिस ने जवाब देते हुए कहा कि मामला स्थानीय पुलिस स्टेशन को भेज दिया गया है. मालूम हो कि अल्लू सिरिश शेखपेट के अपर्णा वन में रहते हैं. इस परेशानी के बारे में बताते हुए सिरिश ने कहा कि विनोभा नगर के हनुमान मंदिर में पिछले कई रातों से तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था. उन्होंने दावा किया कि म्यूजिक की आवाज का बेस भी तय लिमिट से ज्यादा था और यह आधी रात के बाद तक लगातार बज रहा था.

तेज आवाज में बज रहा था म्यूजिक…

अल्लू सिरिश ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आदरणीय हैदराबाद पुलिस, मैं अपर्णा वन, शेखपेट का रहने वाला व्यक्ति हूं. पिछले कुछ दिनों से विनोभा नगर स्थित हनुमान मंदिर में रात 2-3 बजे तक निर्धारित डेसिबल से अधिक तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा है.' सिरिश ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर फिल्म नगर पुलिस स्टेशन से कॉन्टैक्ट किया था. हालांकि, उन्हें गणेश चतुर्थी के बाद होने वाले गणेश विसर्जन समारोह के कारण 25 सितंबर तक इंतजार करने के लिए कहा गया था.

तेज आवाज में ये गाने नहीं हुए बंद…

सिरिश ने कहा, 'उन्होंने हमसे 25 सितंबर तक बर्दाश्त करने को कहा था क्योंकि यह गणेश विसर्जन है. त्योहार खत्म हो गया है, लेकिन तेज आवाज में ये गाने बंद नहीं हुए. हमारी सोसाइटी के कई बुजुर्ग, बच्चे और कामकाजी लोग इससे परेशान हैं और उन्होंने पहले भी कई शिकायतें की हैं. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. आपसे निवेदन है कि कृपया इस मामले पर ध्यान दें. धन्यवाद.' इसके बाद हैदराबाद सिटी पुलिस ने X पर सिरिश की पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, 'सर, आवश्यक कार्रवाई के लिए यह मामला @SHOFilmnagar के साथ साझा कर दिया गया है.' इस पर सिरिश ने जवाब दिया, 'बहुत-बहुत धन्यवाद जी.'