Shehnaaz Gill Hit Back Trollers: पंजाब की कैटरीना कैफ कही जाने वाली एक्ट्रेस शहनाज गिल अक्सर अपनी बेबाकी की वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं. यही वजह है कि शहनाज को लेकर अक्सर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें और खबरें सामने आती रहती हैं. इन सबकी वजह से शहनाज को कई बार लिंकअप की अफवाहों का भी सामना करना पड़ता है. हाल ही में शहनाज गिल ने ऐसी अफवाहों से निपटने का मजेदार तरीका अपनाया है, जिसके जरिए शहनाज ने उन लोगों की क्लास लगाई है, जो उनके नाम पर अफवाहें उड़ाते हैं और उन्हें ट्रोल करते हैं. चलिए आपको पूरा माजरा विस्तार से समझाते हैं.
मेरी वजह से बेचारे…
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में शहनाज गिल ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और अफवाहों पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए चुटकी ली. उन्होंने कहा, 'जो लोग हेडलाइन बना रहे हैं, मैं उनकी मंशा समझ सकती हूं क्योंकि वो व्यूज चाहते हैं. वरना वो बेचारे न्यूज कैसे बेचेंगे अगर खराब हेडलाइन नहीं लगाएंगे. अगर मेरी जुबान फिसल जाती है तो वह हेडलाइन बन जाती है, तो मैं बस प्रार्थना करती हूं कि मेरी वजह से बेचारे को व्यूज आ जाएं. इतनी अच्छी बातों से तो कुछ फायदा नहीं हुआ है, पर किसी का तो भला हो.'
मेरे खून में पंजाबी…
जब शहनाज गिल से उनकी अनोखी अदा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मेरे खून में पंजाबी है ना, तो कॉमेडी करती नहीं हूं तब भी कॉमेडी लगती है. लोगों को इसमें मजा आता है और वे इसे पसंद करते हैं. मैं इसके लिए कोशिश नहीं करती, यह अपने आप होता है.' शहनाज गिल ने आगे कहा, 'मैंने कभी किसी को खुद पर हावी नहीं होने दिया और न ही किसी को यह बताने दिया कि मुझे मीडिया के सामने कैसे बोलना और रहना है. मुझे काफी कुछ कहा गया, लेकिन मेरा मानना है कि जो हो, वही रहो बस. हर कोई अलग है और सबकी अपनी-अपनी खासियत है.'
दूसरी श्रद्धा कपूर…
शहनाज गिल ने बताया, 'एक दिन मैं एयरपोर्ट पर थी और दो लोगों ने मुझसे एक ही बात कही. उन्होंने कहा, 'एक तू और दूसरी श्रद्धा कपूर, इन दोनों लड़कियों से मिलने के लिए हम मर रहे थे.' एक बार तो संयोग था, लेकिन दो बार एक ही बात सुनकर मुझे जिज्ञासा हुई. मैंने उनसे पूछा कि उन्होंने हम दोनों के नाम एक साथ क्यों लिए, तो उन्होंने कहा, 'आप जो हो, वैसे ही रहते हो, आप अपनी भाषा को प्यार करते हो और वो भी वैसे ही हैं.'