Punjabi Singer Kamal Grewal Death Threat: पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की गई है और पैसे न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. सॉन्ग 'सरदारी' फेम सिंगर कमल ग्रेवाल को ये धमकी फोन पर दी गई है. धमकी भरे फोन करने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि वह रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा हुआ है. फोन करके सिंगर को धमकाने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उनके स्टेज शो बंद कर दिए जाएंगे और कमल ग्रेवाल का करियर बर्बाद कर दिया जाएगा. सिंगर ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी है. चलिए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.

कब मिली पहली धमकी?

सिंगर कमल ग्रेवाल की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, सराभा नगर में उनकी जेपी फिल्म्स नाम की एक म्यूजिक कंपनी है. एएनआई के मुताबिक, 20 अक्टूबर को उन्हें कंपनी के ऑफिशियल मोबाइल नंबर पर कई मिस्ड कॉल और वॉइस मैसेज मिले. दशहरा होने की वजह से सिंगर कमल उस समय पटियाला में एक इवेंट में परफॉर्म कर रहे थे, इसलिए वो ये मैसेज चेक नहीं कर पाए.

सिंगिंग करियर को बर्बाद

हालांकि, सिंगर कमल ने अगले दिन वो सभी वॉइस मैसेज सुने और उसमें एक कॉलर ने खुद को गिली राणा बताया और दावा किया कि वह रोहित गोदारा गिरोह का सदस्य है. इस ऑडियो मैसेज में व्यक्ति ने 5 करोड़ रुपये की मांग की और कमल ग्रेवाल को तुरंत वापस कॉल करने के लिए कहा. फोन करने वाले ने धमकी दी कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह सिंगर कमल ग्रेवाल के स्टेज शो बंद करवा देगा. इतना ही नहीं, उसने सिंगर को उनका सिंगिंग करियर बर्बाद करने की भी धमकी दी. साथ ही चेतावनी दी कि अगर उसे पैसे न मिले तो सिंगर कमल न तो स्टेज परफॉर्मेंस आयोजित कर पाएंगे और न ही अपनी म्यूजिक एक्टिविटी को जारी रख पाएंगे.

पुलिस में दर्ज हुई शिकायत

कुछ दिनों बाद, उन्हें उसी मोबाइल नंबर से दो और धमकी भरे वॉइस मैसेज मिले. इसके बाद सिंगर कमल ग्रेवाल ने पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को जब वे सराभा नगर स्थित अपने ऑफिस में थे, तब उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से दो और कॉल आए. 2 नवंबर की दोपहर को मिस्ड कॉल देखने और अपने परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों से इस मामले पर चर्चा करने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया. सिंगर की शिकायत के बाद लुधियाना पुलिस ने 2 नवंबर को गिली राणा और गिरोह से जुड़े बाकी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है.