Haryanvi Singer Diler Kharkiya Firing Attack: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया पर जानलेवा हमला किया गया है. कुछ अज्ञात बदमाशों ने सिंगर की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. बताया जा रहा है कि इस हमले में सिंगर दिलेर खरकिया बाल-बाल बच गए हैं और वह अभी सुरक्षित हैं. इस हमले की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित ने ली है. हमले के बाद अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली.
ये जो आज रात फायरिंग…
वायरल पोस्ट में बताया गया है कि ये फायरिंग दिलेर खरकिया की गाड़ी को निशाना बनाकर की गई थी. इसके साथ ही पोस्ट में सीधे तौर पर धमकी दी गई कि या तो सिंगर दिलेर खरकिया उनकी कॉल का जवाब दें, नहीं तो सीधे उनके सीने में गोली मार दी जाएगी. सिंगर को मिली इस खुलेआम धमकी के बाद मामले में सनसनी फैल गई. इस धमकी भरे पोस्ट में लिखा है, 'जय महाकाल. जय श्री राम. राम राम सभी भाइयों को. सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर ये जो आज रात फायरिंग हुई है, इसकी जिम्मेदारी में हिमांशु सोनीपत, टायशन विश्वोई, हरि बॉक्सर और हरनाम संधू लेते हैं.'
अब गोली सीधे छाती में…
पोस्ट में आगे लिखा गया है, 'इसको (दिलेर खरकिया) मेरे बड़े भाई अनिल पंडित ने कॉल करके समझाया था, लेकिन इसको बात समझ में नहीं आ रही थी. अभी तो सिर्फ तेरी गाड़ी के शीशे ही टूटे हैं. अगर तूने हमारी बात नहीं मानी तो अगली बार गोली सीधे तेरी छाती में मारी जाएगी और बाकी लोगों से भी कह रहे हैं कि समझ जाओ. तुम लोग जो हमारी कॉल का जवाब नहीं दे रहे, या तो लाइन पर आ जाओ, नहीं तो तुम्हारे साथ भी ऐसा ही अंजाम होगा.' हालांकि, इस वायरल पोस्ट की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
कौन हैं दिलेर खरकिया?
दिलेर खरकिया हरियाणा के फेमस और जाने-माने सिंगर हैं. उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत साल 2018 में की थी. तब से लेकर अब तक दिलेर खरकिया कई हिट गाने दे चुके हैं. सिंगर मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले हैं. वह रागिनी प्रोग्राम्स की वजह से लोगों के बीच काफी फेमस हुए. एक्ट्रेस अंजलि राघव के साथ गाए उनके सॉन्ग 'प्रोटीन' को लेकर भी वह विवादों में रह चुके हैं.