Monalisa: भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा आज इंडस्ट्री में खूब नाम कमा रही हैं. रीजनल इंडस्ट्री से निकलकर आज एक्ट्रेस ने टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है. हाल ही में मोनालिसा ने भोजपुरी इंडस्ट्री पर अपनी राय रखी. उनका मानना है कि कुछ गानों या म्यूजिक वीडियो के आधार पर पूरी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को एक ही नजर से देखना सही नहीं है.

पूरी इंडस्ट्री को जज करना सही नहीं

IANS को दिए एक इंटरव्यू में मोनालिसा ने भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर अपनी बात रखी. मोनालिसा ने कहा, ''मैं कई सालों से भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर इस तरह की बातें सुनती आ रही हूं. मुझे लगता है कि लोगों की सोच फिल्मों से ज्यादा उन म्यूजिक वीडियो की वजह से बनी है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल होते हैं और लाखों-करोड़ों व्यूज हासिल करते हैं और उसी के आधार पर वो पूरी इंडस्ट्री को जज करने लगते हैं.''

आगे मोनालिसा ने कहा, ''हर भोजपुरी फिल्म को एक ही नजर से देखना ठीक नहीं है. एल्बम और म्यूजिक वीडियो में भले ही ग्लैमर या इस तरह का कंटेंट ज्यादा देखने को मिल सकता है, लेकिन फिल्मों की कहानी और उनका ट्रीटमेंट अलग होता है. भोजपुरी फिल्मों में अच्छे कलाकार हैं और हम लोग फिल्मों में पूरी ईमानदारी से अच्छा काम करते हैं.''

रीजनल सिनेमा एक्ट्रेस ने कही बड़ी बात

एक्ट्रेस ने इस दौरान देश में तेजी से आगे बढ़ रहे रीजनल सिनेमा पर भी बात की. उन्होंने कहा, ''अब सिर्फ हिंदी सिनेमा ही दर्शकों का ध्यान नहीं खींच रहा, बल्कि अलग-अलग राज्यों की फिल्म इंडस्ट्री भी लगातार मजबूत हो रही हैं. क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को देश के दूसरे हिस्सों में भी दर्शक मिल रहे हैं और कलाकारों को पहले के मुकाबले ज्यादा बड़ा प्लेटफॉर्म मिल रहा है.''

अपने करियर को लेकर बोलीं मोनालिसा

मोनालिसा ने अपने करियर को लेकर कहा, ''मैंने रीजनल बैकग्राउंड से आने के बावजूद काफी पहले ही नेशनल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखने की कोशिश शुरू कर दी थी. करीब एक दशक से मैं नेशनल टेलीविजन का हिस्सा हूं. मैंने 'बिग बॉस' और 'नच बलिए' जैसे रियलिटी शोज के अलावा कई टेलीविजन सीरियल्स में भी काम किया. मैंने कई साउथ इंडियन फिल्मों में भी काम किया है.''