Bhojpuri Actor Rohit Sharma Death: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अभिनेता और निर्देशक रोहित शर्मा का एक सड़क हादसे में निधन हो गया. बताया जा रहा है कि वह एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग खत्म कर अपने दोस्त के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि इलाज के दौरान रोहित शर्मा ने दम तोड़ दिया. इस खबर से भोजपुरी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है.

भोजपुरी एक्टर की गई जान

जानकारी के मुताबिक, रोहित शर्मा सोमवार को मलिहाबाद में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे. मंगलवार तड़के वह अपने दोस्त शोभित के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान गुडंबा रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के सामने रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. वहां मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रक डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड से आ रहा था.

ट्रक ने एक्टर को कुचला

हादसा इतना भयानक था कि रोहित शर्मा का हेलमेट भी टूट गया. उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं. वहीं, उनके साथ मौजूद दोस्त शोभित भी बुरी तरह घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

डॉक्टरों ने रोहित शर्मा को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, उनके दोस्त का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. रोहित शर्मा के भाई मंजेश ने बताया कि परिवार की जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्म निर्देशन से दूरी बना ली थी.

शूटिंग से लौटते वक्त हुआ हादसा

हालांकि, हाल ही में उन्हें फिर से काम मिला था और वह उसी सिलसिले में शूटिंग के लिए मलिहाबाद गए थे. उनके परिवार में माता गायत्री, पिता मगन शर्मा और छोटा भाई हैं. पिता फर्नीचर का काम करते हैं. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, ट्रक का नंबर पता चल चुका है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद रोहित शर्मा का शव परिवार को सौंप दिया गया.

सदमे में फैंस

रोहित शर्मा ने भोजपुरी सिनेमा में अभिनेता और निर्देशक दोनों रूपों में काम किया था. उनके अचानक निधन से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है. सोशल मीडिया पर भी उनके चाहने वाले और करीबी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.