भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का नया प्रोमो है. शो के लेटेस्ट वीडियो में आम्रपाली ने अपनी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने फैंस को हैरान भी कर दिया और भावुक भी.

प्रोमो में आम्रपाली दुबे ने मंदिर में टेका माथा

प्रोमो में आम्रपाली दुबे मंदिर में माथा टेकने के बाद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और अपने परिवार के सामने दिल की बात रखती नजर आती हैं. वह कहती हैं कि वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं. आम्रपाली कहती हैं कि उन्हें नहीं पता कि उनके इस फैसले पर परिवार और फैंस का क्या रिएक्शन होगा, लेकिन वह एक बात तय कर चुकी हैं. वह मां बनना चाहती हैं.

निरहुआ की बात सुन रो पड़ीं आम्रपाली

आम्रपाली की यह बात सुनते ही वहां मौजूद परिवार के सदस्य कुछ पल के लिए चुप हो जाते हैं. माहौल भावुक हो जाता है. इस दौरान निरहुआ भी अपनी राय रखते हैं. वह आम्रपाली से कहते हैं कि यह फैसला लेना आसान नहीं होगा. इसके जवाब में आम्रपाली आत्मविश्वास दिखाती हैं, लेकिन उनकी आंखें नम हो जाती हैं. वह कहती हैं कि किसी बच्चे को अकेले पालना बिल्कुल आसान नहीं होता.

निरहुआ के सवाल से शॉक्ड हुईं आम्रपाली

बातचीत के दौरान आम्रपाली यह भी इशारा करती हैं कि उनके घर में शादी को लेकर लगातार बातें होती रहती हैं. इस पर निरहुआ मुस्कुराते हुए पूछते हैं, 'तो आप शादी क्यों नहीं कर लेतीं?' निरहुआ का यह सवाल सुनकर आम्रपाली कुछ पल के लिए चुप रह जाती हैं. प्रोमो यहीं खत्म होता है और दर्शकों के मन में कई सवाल छोड़ जाता है.

सोशल मीडिया पर शुरू हुईं चर्चाएं

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोग इसे शो का इमोशनल मोमेंट बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि प्रोमो में दिखाई गई बातें आगे की कहानी का हिस्सा हो सकती हैं. वहीं, कुछ फैंस आम्रपाली के बयान को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं. हालांकि, प्रोमो में यह साफ नहीं किया गया है कि उनका अंतिम फैसला क्या होगा.

आम्रपाली-निरहुआ की जोड़ी भोजपुरी इंडस्ट्री की पॉपुलर है जोड़ी

बता दें कि आम्रपाली दुबे और निरहुआ की जोड़ी भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे पॉपुलर जोड़ियों में गिनी जाती है. दोनों का नाम कई बार अफेयर की खबरों में भी जुड़ चुका है, लेकिन दोनों हमेशा एक-दूसरे को अच्छा दोस्त और प्रोफेशनल पार्टनर ही बताते आए हैं.

कब से शुरू होगा 'भोजपुरी बवाल'

'भोजपुरी बवाल' 2 अगस्त 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा. इस रियलिटी शो में निरहुआ, पवन सिंह, काजल राघवानी समेत भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे.