---विज्ञापन---
‘मां बाप से प्यार नहीं…’ एक्सिडेंट के बाद मम्मी-पापा के नाम पर फूट-फूटकर रोए यूट्यूबर Anurag Dobhal, बोले- अब…

YouTuber Anurag Dobhal breaks Down: फेमस यूट्यूबर अनुराग डोभाल अपने कार एक्सीडेंट के बाद से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. अनुराग डोभाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपनी हेल्थ को लेकर सारी जरूरी जानकारियां खुद ही फैंस के साथ शेयर कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने कमर के जख्म की तस्वीर शेयर की थी. वहीं, अब अनुराग डोभाल ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपने मम्मी-पापा के नाम पर रोते हुए नजर आ रहे हैं और उनकी मदद करने वालों को धन्यवाद करते दिखाई दे रहे हैं.

अनुराग डोभाल ने 7 मार्च को खुद की ही कार का एक भीषण एक्सीडेंट कर अपनी जान लेने की कोशिश की थी. हालांकि, हादसे में उनकी जान बाल-बाल बच गई. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका अभी भी इलाज चल रहा है.

हाल ही में अनुराग डोभाल ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह भावुक होकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं. रोते हुए ही उन्होंने अपने फैंस, दोस्त और टीम को धन्यवाद कहा.

वीडियो में अनुराग डोभाल ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में मेरे पास इतने कॉल और मैसेज आए. इन लोगों से मेरा खून का रिश्ता नहीं था, लेकिन फिर भी इन्होंने फोन करके डांट लगाई और कहा कि मैं अनाथ नहीं हूं.'

उन्होंने आगे कहा, 'मेरे दोस्त और उनके मां-बाप ने मुझे फोन किया, जिनका मेरे साथ खून का रिश्ता नहीं था, उन लोगों से मुझे इतना प्यारा मिला है. जिंदगी में मैंने बहुत कुछ खोया, लेकिन इसके साथ ही मुझे बहुत कुछ मिल भी रहा है. ये लोग के कह रहे हैं कि वो मेरे साथ खड़े हैं.'

अपनी बात पूरी करते हुए अनुराग डोभाल ने कहा, 'मुझे इतना प्यार मिलने की उम्मीद नहीं थी. मुझे मेरे मां-बाप से प्यार मिला.' ये बात कहते हुए अनुराग भावुक हो गए और अपनी आंखों से बह रहे आंसू पोछने लगे.

अनुराग ने एक नोट शेयर किया, जिसमें लिखा, 'नहीं जानता मैं किसी को ना कभी मिला, लेकिन फिर भी सब परिवार की तरह मेरे साथ हैं. बता नहीं सकता कैसा महसूस हो सकता है. शुक्रिया, जो लोग भी मदद कर सकते हैं, मुझे इस डिप्रेशन और सिचुएशन से बाहर निकलना चाहिए. आप लोगों के हर एक मैसेज और कॉल से मुझे मदद मिली है.'