---विज्ञापन---
‘धुरंधर 2’ को टक्कर देने आ रहीं ये 8 धांसू फिल्में, बॉक्स आफिस पर अब होगा असली खेला

सिनेमा प्रेमियों के लिए यह हफ्ता बेहद रोमांचक होने वाला है. जहां एक तरफ आदित्य धर की 'धुरंधर 2' चर्चा में है, वहीं दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने भी कमर कस ली है. इस वीकेंड तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ की 8 बड़ी फिल्में रिलीज हो रही हैं. इनमें हंसी-मजाक वाली 'हैप्पी राज' से लेकर सस्पेंस से भरी 'चामय्या s/o रामचारी' और पॉलिटिकल थ्रिलर 'प्रतिछाया' तक शामिल हैं. अगर आप मर्डर मिस्ट्री या रोमांटिक कहानियों के शौकीन हैं, तो यह लिस्ट आपके वीकेंड का मजा दोगुना कर देगी.

हैप्पी राज (तमिल)- अगर आप हंसी-मजाक और हल्की-फुल्की लव स्टोरी पसंद करते हैं, तो 'हैप्पी राज' आपके लिए बेस्ट है. जीवी प्रकाश कुमार इस फिल्म में एक ऐसे लड़के का किरदार निभा रहे हैं, जिसका दिल बार-बार टूटता है. फिल्म की असली जान वह हिस्सा है, जब उसे अपनी पसंद की लड़की के घरवालों को मनाने के लिए पापड़ बेलने पड़ते हैं. यह मजेदार फिल्म 27 मार्च को रिलीज होगी.

बैंड मेलम (तेलुगु)- बचपन की दोस्ती जब प्यार में बदलती है, तो कहानी कितनी भावुक हो सकती है, यह 'बैंड मेलम' में बखूबी दिखाया गया है. गिरी और राजी की यह कहानी गलतफहमियों और फिर बरसों बाद संगीत के जरिए दोबारा मिलने के इर्द-गिर्द घूमती है. यह प्यार और भरोसे की एक बेहद प्यारी फिल्म है, जो 27 मार्च को रिलीज होगी.

चामय्या s/o रामचारी (कन्नड़)- यह फिल्म सस्पेंस और फैमिली ड्रामा का बेहतरीन मेल है. चित्रदुर्ग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में एक धार्मिक जुलूस के दौरान हुए कत्ल की गुत्थी सुलझाई जाती है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, परिवार के पुराने झगड़े और छिपे हुए राज बाहर आने लगते हैं. इस भी 27 मार्च को रिलीज किया जाएगा.

यूथ (तमिल - तेलुगु डब)- 'यूथ' 15 साल के लड़के प्रवीण की मासूम दुनिया की कहानी है. स्कूल की मस्ती, दोस्तों के साथ शरारतें और किशोर उम्र के पहले प्यार के अहसास को यह फिल्म बड़े पर्दे पर उतारती है. यह फिल्म 26 मार्च को तेलुगु भाषा में रिलीज हो रही है, जो युवाओं के दिल को छू लेगी.

कालम परंजा कथा (मलयालम)- क्राइम और थ्रिलर के शौकीनों के लिए यह फिल्म किसी रोमांच से कम नहीं है. केरल में हुए असली अपराधों से प्रेरित यह फिल्म एक ऐसे अपराधी के दिमाग को पढ़ने की कोशिश करती है, जिसने दिनदहाड़े 6 खौफनाक वारदातों को अंजाम दिया था. यह फिल्म दर्शकों के मन में कई गहरे सवाल छोड़ जाएगी. ये 27 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

प्रतिछाया (मलयालम)- निविन पॉली इस पॉलिटिकल थ्रिलर में एक दमदार किरदार में नजर आएंगे. कहानी एक ऐसे बिजनेसमैन की है, जो अपने मुख्यमंत्री पिता की मौत के बाद मजबूरन राजनीति में आता है. उसे अपने विरोधियों से लड़ना है और अपने पिता की मौत के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करना है. इसे भी 27 मार्च को रिलीज किया जाएगा.

डर्बी (मलयालम)- कॉलेज लाइफ, दोस्तों का साथ और संगीत का जुनून—यही है फिल्म 'डर्बी'. कुछ दोस्त मिलकर कॉलेज में अपनी एक ढोल-नगाड़ा टोली बनाना चाहते हैं. इस सफर में आने वाली मुश्किलें, आपसी मुकाबला और जबरदस्त एक्शन फिल्म को काफी एंटरटेनिंग बनाता है. यह फिल्म भी 27 मार्च को रिलीज हो रही है.

सुयोधना (तेलुगु)- इस लिस्ट की सबसे अनोखी फिल्म 'सुयोधना' है. इसका हीरो एक 'फोली आर्टिस्ट' है, जो फिल्मों के लिए आवाजें निकालता है. उसे बचपन से एक रहस्यमयी आवाज सुनाई देती है, और कहानी तब पलटती है जब उस पर अपने ही पिता के खून का इल्जाम लग जाता है. मिस्ट्री और सस्पेंस से भरी यह फिल्म 27 मार्च को आ रही है.