---विज्ञापन---
कभी जिम ट्रेनर थे Dhurandhar 2 के रिजवान, 10000 में होता था गुजारा, फिल्म रिलीज होते ही बन गए स्टार

Dhurandhar 2: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ पूरे देशभर में तहलका मचा रही है. महज तीन दिन में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया और लगातार इसकी कमाई में इजाफा हो रहा है. फिल्म में शामिल हर एक किरदार को खूब सराहा जा रहा है. रणवीर सिंह के इर्द-गिर्द दिखे छोटे-छोटे किरदारों ने भी फिल्म में गहरी छाप छोड़ी है. आज हम आपको ‘धुरंधर 2’ के ‘रिजवान’ से मिलवा रहे हैं, जिन्होंने कभी जिम ट्रेनर के रूप में काम किया, अपनी पढ़ाई छोड़ दी, कई तरह की परेशानियां झेली. लेकिन कभी हार नहीं मानी और यही कारण है कि आज उनकी चर्चा हर कोई कर रहा है.

धुरंधर द रिवेंज में शामिल हर एक किरदार को खूब सराहा जा रहा है. ‘धुरंधर द रिवेंज’ में रिजवान का किरदार एक्टर मुस्तफा अहमद ने निभाया है, जो हमेशा हमजा की मदद करते नजर आता है. हमजा और रिजवान मिलकर ल्यारी में आतंक का खात्मा करने का काम करते हैं.

फिल्म में रिजवान यानी एक्टर मुस्तफा अहमद की कहानी किसी इंस्पिरेशन से कम नहीं है. फिल्मी दुनिया में आने पहले मुस्तफा ने काफी कुछ झेला है. वो पहले एक फेमस फिटनेस ट्रेनर थे, जो बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को ट्रेन कर चुके हैं.

एक्टर मुस्तफा अहमद का संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था. मुस्तफा को बचपन में डिस्लेक्सिया नाम की बीमारी हो गई थी. इसलिए उन्हें पढ़ाई करने में समस्या होती थी, जिसके चलते उन्होंने कम उम्र में ही पढ़ाई छोड़ दी.

हालांकि मुस्तफा अहमद बचपन से फुर्तीले थे, वो खेल-कूद और डांस में काफी अच्छे थे. लेकिन पढ़े-लिखे ज्यादा ना होने की वजह से उन्हें 21 साल की उम्र में एक कॉल सेंटर में काम करना पड़ा, जहां वो सबसे कम उम्र के टीम लीडर बने और खूब पैसा छापा.

आगे चलकर मुस्तफा ने जिम को अपने जीवन की सबसे बड़ी ताकत बना ली और उन्होंने नौकरी छोड़ दी. उनके इस फैसले का परिवार ने काफी विरोध भी किया, जिसके चलते उनकी मां ने उनसे बातचीत करना बंद कर दिया. जिम से मुस्तफा 10 हजार रुपए महीने कमाया करते थे.

साल 2015 में ऋतिक रोशन उनके पहले सेलिब्रिटी क्लाइंट बने, जिसके बाद फिल्म 'पद्मावत' के लिए रणवीर सिंह, 'आर्टिकल 370' के लिए यामी गौतम और 'सरदार उधम' के लिए विक्की कौशल को ट्रेन किया. वहीं आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज में उन्होंने रणवीर सिंह के साथ कमाल कर दिया. आज हर कोई उनके किरदार की तारीफ कर रहा है.