---विज्ञापन---
Dhurandhar 2: कौन था जसकीरत का बचपन का दोस्त पिंडा? असल गैंगस्टर से इंस्पायर है किरदार, आदित्य धर ने ऐसे तैयार किया रोल

आदित्य धर की 2025 की ब्लॉकबस्टर स्पाई थ्रिलर का सीक्वल धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है. फिल्म की चारों ओर जमकर तारीफें हो रही हैं और लोग इस मूवी को खूब पसंद कर रहे हैं. मूवी में रणवीर सिंह फिल्म में दो अलग-अलग नाम के किरदारों में दिखें हैं. एक ओर वह पाकिस्तान के ल्यारी में सभी के आगे हमजा बनते हैं, लेकिन असल में उनका नाम जसकीरत सिंह रंगी है. जो कि एक भारतीय स्पाई है और वह पाकिस्तान एक मिशन के लिए भेजा जाता है.

वहीं, फिल्म धुरंधर 2 में जसकीरत की पुरानी जिंदगी के बारे में भी दिखाया गया है. इस फिल्म में जस्सी के बचपन के दोस्त पिंडा के बारे में भी दिखाया है. पिंडा का किरदार उदयबीर संधू ने किया है. यह रोल एक रियल लाइफ के गैंगस्टर से इंस्पायर है. पिंडा जसकीरत का सिर्फ बचपन का दोस्त ही नहीं बल्कि वह उसकी बहन का पति यानी कि साला भी होता है, जो हमजा की असल पहचान बताता है. दरअसल, फिल्म में दिखाया गया है कि पिंडा और हमजा की मुलाकात एक समारोह में होती है, जिसमें एसपी चौधरी यानी कि संजय समेत पाकिस्तान के कई बड़े लोग मौजूद होते हैं. पिंडा के पिता ड्रग्स के धंधे में शामिल थे और पिंडा भी उसी में शामिल हो गया था. भारत और पाकिस्तान के बीच ड्रग्स की तस्करी करने लगा और खुद भी नशे में डूब गया था.

फिल्म में दिखाए गए पिंडा और जसकीरत की मुलाकात के सीन के बारे में बात करें तो यह कुछ ऐसा है कि पाकिस्तान में ड्रग्स खरीदने गए पिंडा ने हमजा को अपने बचपन का दोस्त और साले जसकिरत के रूप में पहचान लिया. इस दौरान दोनों के बीच वॉशरूम में झगड़ा होता है. हालांकि पिंडा ने झगड़े से पहले हमजा को ड्रग्स दे दिए थे और फिर भी हमजा हावी हो गया और उसने अपने बचपन के दोस्त को बाद में जान से मार डाला था. पिंडा की असली पहचान छुपाने के लिए उसकी मौत का कारण ड्रग्स का ओवरडोज बताया गया था.

पिंडा का किरदार कहा जाता है कि असल गैंगस्टर से इंस्पायर था. हालांकि आदित्य धर हमेशा से ही कहते आए हैं कि धुरंधर एक काल्पनिक फिल्म है. लेकिन उन्होंने रियल लाइफ घटनाओं और किरदारों को फिल्म में जोड़ा है. जैसा कि नोटबंदी, 26/11 मुंबई अटैक, 1999 का कंधार अपहरण और 2001 के संसद हमले को भी धुरंधर में दिखाया गया है. फिल्म के कई किरदार भी रियल लाइफ से इंस्पायर है और पिंडा भी इसमें शामिल है, जो कि रिंदा नाम के रियल लाइफ आतंकवादी पर आधारित है.

रिंदा का असली नाम हरविंदर सिंह संधू था और वह पंजाब के तरनतारन जिले के सरहाली गांव में जन्मा था. कई सालों तक पाकिस्तान के लाहौर में रहने वाला यह गैंगस्टर बाद में बब्बर खालसा इंटरनेशनल नाम के आतंकी संगठन से जुड़ गया और आतंकवादी बन गया. पंजाब, महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहरों में हत्या, हत्या के प्रयास, सुपारी लेकर हत्या, डकैती और जबरन वसूली जैसे कई अपराधों में रिंदा का नाम था. इसके अलावा हथियारों, गोला बारूद, आतंकी लिंक और नशीले पदार्थों की तस्करी में भी रिंदा का हाथ बताया जाता है. इसके बाद उसने पाकिस्तान के साथ आतंकी संबंध बनाए थे. दिलचस्प बात यह है कि धुरंधर 2 में जिस किरदार से वह इंस्पायर था, उसी तरह रिंदा को भी 2022 में ड्रग्स के ओवरडोज से मौत का कारण बताया गया था और इसी घटना को कनेक्ट करते हुए आदित्य धर ने पिंडा का किरदार भी जोड़ा है.

बता दें कि धुरंधर 2 में पिंडा का रोल एक्टर उदयबीर संधू ने किया है. वह खुद एक हॉकी प्लेयर हैं. इसके अलावा रीमा कागती की 2018 की फिल्म गोल्ड में भी वह हॉकी प्लेयर देवांग चतुर्वेदी के रोल में नजर आए थे. साथ ही 2024 में इम्तियाज अली की म्यूजिकल फिल्म अमर सिंह चमकीला में भी दिखाई दिए थे. इस फिल्म में वह गुरु जतिंदर सिंह जिंदा के रोल में दिखे थे. इसके अलावा वह पंजाबी फिल्म इक्क कुड़ी में भी नजर आए थे.