---विज्ञापन---
‘स्त्री 2’ से भी तगड़ी और दमदार है ये हॉरर कॉमेडी फिल्म, क्लाइमेक्स उड़ा देगा होश

सिनेमाघरों में 'स्त्री 2' जैसी फिल्मों ने हॉरर-कॉमेडी के जॉनर में जबरदस्त सफलता हासिल की है, लेकिन ओटीटी (OTT) की दुनिया में इन दिनों साउथ की एक ऐसी फिल्म चर्चा में है जिसने रेटिंग के मामले में बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. हम बात कर रहे हैं मलयालम फिल्म 'रोमांचम' (Romancham) की, जो अपनी डरावनी और गुदगुदाने वाली कहानी के कारण दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है.

रेटिंग में 'स्त्री 2' से आगे- जहां श्रद्धा कपूर स्टारर 'स्त्री 2' को दर्शकों का खूब प्यार मिला और उसने बॉक्स ऑफिस पर 597 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, वहीं IMDb पर रेटिंग के मामले में 'रोमांचम' उससे आगे निकल गई है. 'रोमांचम' को 7.5 रेटिंग मिली है, जबकि 'स्त्री 2' की रेटिंग 7 के करीब है. यह आंकड़ा फिल्म की शानदार कहानी और निर्देशन का सबूत है.

सात दोस्तों और एक 'आत्मा' की दास्तान- फिल्म की कहानी बेंगलुरु में एक साथ रहने वाले सात कुंवारे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी की शुरुआत जिबी नाम के किरदार से होती है, जो कोमा से जागने के बाद एक नर्स को अपने साथ हुई उन खौफनाक घटनाओं के बारे में बताता है. ये दोस्त बोरियत मिटाने के लिए मजे-मजे में एक 'ओइजा बोर्ड' (Ouija Board) के जरिए आत्मा को बुलाने की कोशिश करते हैं, जो आगे चलकर उनके लिए मुसीबत बन जाता है.

मजाक जो बन गया हकीकत- जिबी बताता है कि शुरुआत में उसने अपने दोस्तों को डराने के लिए आत्मा के आने का नाटक किया था. लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब उसे अहसास होता है कि घर में सचमुच किसी अदृश्य शक्ति का प्रवेश हो चुका है. सस्पेंस और कॉमेडी का यह मेल फिल्म को बेहद रोमांचक बनाता है.

सच्ची घटनाओं पर आधारित- 'रोमांचम' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे सच्ची घटनाओं पर आधारित बताया गया है. फिल्म के निर्देशक जीतू माधवन ने इसे अपनी और अपने दोस्तों के साथ घटी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित होकर लिखा है. यही वजह है कि फिल्म के किरदार और उनके बीच की बातचीत दर्शकों को बहुत ही रीयलिस्टिक (वास्तविक) लगती है.

जियो हॉटस्टार पर हिंदी में उपलब्ध- साल 2023 में रिलीज हुई यह फिल्म अब जियो हॉटस्टार पर हिंदी डबिंग के साथ भी मौजूद है. फिल्म में सोबिन शाहिर, अर्जुन अशोकन और साजिन गोपू जैसे कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है. अगर आप डार्क ह्यूमर और रोंगटे खड़े कर देने वाले सस्पेंस के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.