Saturday, 28 March, 2026

---विज्ञापन---

Saturday-Sunday को ओटीटी पर देखें ये 5 तगड़ी सस्पेंस थ्रिलर फिल्में, कहानी भूल नहीं पाएंगे

वीकेंड की छुट्टियों में अगर आप घर बैठे सस्पेंस और थ्रिलर का असली मजा लेना चाहते हैं, तो ओटीटी (OTT) पर मौजूद ये 5 फिल्में और सीरीज आपकी रातों की नींद उड़ाने के लिए काफी हैं. जासूसी, मर्डर मिस्ट्री और दिमाग घुमा देने वाले क्लाइमैक्स से भरपूर ये कहानियाँ आपको अंत तक स्क्रीन से चिपके रहने पर मजबूर कर देंगी.

दृश्यम (Drishyam) - नेटफ्लिक्स / प्राइम वीडियो- एक आम आदमी अपने परिवार को एक अनचाहे अपराध से बचाने के लिए किस हद तक जा सकता है, 'दृश्यम' इसी की मास्टरक्लास है. विजय सालेगांवकर की चालाकी और पुलिस के साथ उसका चूहे-बिल्ली का खेल आपको हर पल हैरान कर देगा. इस फिल्म का पहला पार्ट नेटफ्लिक्स पर और दूसरा पार्ट प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है. 2 अक्टूबर की वो कहानी आप कभी भूल नहीं पाएंगे.

अंधाधुन (Andhadhun) - नेटफ्लिक्स- क्या एक अंधा पियानो प्लेयर वाकई अंधा है? या उसने कुछ ऐसा देख लिया है जो उसे नहीं देखना चाहिए था? आयुष्मान खुराना की यह फिल्म ट्विस्ट और टर्न्स से भरी है. हर 15 मिनट में कहानी एक ऐसा मोड़ लेती है जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की होगी. यह भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन डार्क-कॉमेडी थ्रिलर में से एक है, जिसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

स्पेशल OPS (Special OPS) - जियो हॉटस्टार- जासूसी और रॉ (RAW) एजेंटों की जिंदगी पसंद करने वालों के लिए यह सीरीज किसी ट्रीट से कम नहीं है. एजेंट हिम्मत सिंह के 19 साल लंबे सीक्रेट मिशन की यह कहानी देशभक्ति, सस्पेंस और तेज रफ्तार एक्शन का सही मिश्रण है. केके मेनन की दमदार एक्टिंग वाली इस सीरीज को आप जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम कर सकते हैं.

ए थर्सडे (A Thursday) - जियो हॉटस्टार- एक प्ले-स्कूल टीचर अचानक 16 बच्चों को बंधक बना लेती है और उसकी मांगें पूरे देश के सिस्टम को हिलाकर रख देती हैं. यामी गौतम की यह फिल्म एक गंभीर सामाजिक संदेश के साथ हाई-लेवल सस्पेंस पेश करती है. फिल्म का अंत आपको सोचने पर मजबूर कर देगा. यह फिल्म जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर उपलब्ध है.

तलाश (Talaash) - प्राइम वीडियो- आमिर खान, रानी मुखर्जी और करीना कपूर स्टारर यह फिल्म एक पुलिस अफसर की कहानी है, जो एक हाई-प्रोफाइल कार एक्सीडेंट की जांच करते हुए अपने ही अतीत के दर्द से जूझ रहा है. फिल्म का अंत इतना चौंकाने वाला और अलौकिक (Supernatural) टच लिए हुए है कि यह आपको सुन्न कर देगा. मिस्ट्री और इमोशन्स से भरी यह फिल्म प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है.

First published on: Mar 28, 2026 12:25 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.