---विज्ञापन---

‘शॉर्टकट से पैसा कमाने की…’, राजपाल यादव के केस पर आया अक्षय कुमार का रिएक्शन

राजपाल यादव चेक बाउंस के मामले को लेकर लंबे वक्त से चर्चा में बने हुए हैं. इस केस में एक्टर को 16 फरवरी को जमानत मिली थी. उन्हें अपनी भांजी की शादी अटेंड करने के लिए जमानत दी गई थी और 18 मार्च को वापस से कोर्ट में इस मामले में पेश होना था. हालांकि इस पूरे मामले के कारण राजपाल यादव बुरी तरह से फंसे हुए हैं और अभी तक वह पूरे पैसे नहीं चुका पाए. वहीं, राजपाल के चेक बाउंस मामले को लेकर अब अक्षय कुमार ने भी रिएक्ट किया है.

दरअसल, अक्षय कुमार ने स्क्रीन के साथ बात करते हुए राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले पर बात की. उन्होंने इस दौरान प्रोड्यूसर असरानी को लेकर भी बात की, जिन्होंने एक बार उन्हें भूलकर भी कभी जिंदगी में कोई भी फिल्म प्रोड्यूस न करने की सलाह दी थी. एक्टर ने बताया, "मैंने उनके साथ कई फिल्में की है. अपने आखिरी दिनों में उन्होंने मुझसे अपने जिंदगी की कुछ बातें शेयर कीं. उन्होंने अपनी लाइफ के सबसे बड़े स्ट्रेस से भरे दौर के बारे में बताया था और कहा था कि अक्षय, कभी फिल्म प्रोड्यूस मत करना. अपनी जेब से पैसा लगाना मेरी सबसे बड़ी गलती थी. जब आप किसी और के पैसे से फिल्म प्रोड्यूस करते हैं, तो ठीक है, रिस्क और मुनाफा उनका होता है. लेकिन जब आप अपना पैसा लगातार खुद के लिए ज्यादा कमाने की सोचते हैं, तो यह कभी सही नहीं बैठता."

अक्षय ने आगे कहा, " उन्होंने एक फिल्म बनाई थी और उन्हें बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था. फिल्म अच्छी थी, लेकिन चली नहीं. उन्होंने बताया कि इस वजह से उनकी सारी जमा पूंजी डूब गई. इसलिए उन्होंने मुझे सलाह दी कि कभी भी अपने पैसे लगाकर फिल्म प्रोड्यूस मत करना.

इस दौरान अक्षय कुमार ने राजपाल यादव के चेक बाउंस केस पर भी बात की. उन्होंने कहा, " बात वही है जो असरानी साहब ने कही थी कि कभी फिल्म प्रोड्यूस मत करो. मैंने उनसे कहा था कि फिल्म प्रोड्यूस मत करो. हम एक्टर्स हैं और प्रोड्यूसर जानते हैं कि फिल्म कैसे प्रोड्यूस की जाती है. इसलिए जब तक आपको प्रोड्यूसर बनने का तरीका नहीं पता, तब तक प्रोड्यूसर बनने की कोशिश मत करो.

अक्षय ने आगे कहा, "अगर आप एक्टर हैं, तो एक्टर ही बने रहो. शॉर्टकट अपनाकर जल्दी पैसा कमाने के बारे में मत सोचो. मुझे उम्मीद है कि राजपाल इस मुश्किल से पूरी तरह से उभर जाएंगे. क्या गजब के एक्टर है वो. जब लोग अपना 100 प्रतिशत देते हैं, तो वो 120-140 प्रतिशत देते हैं. उनके साथ काम करना बहुत मजेदार है. हमारी नोंकझोंक इतनी स्वाभाविक होती है कि कभी-कभी डायलॉग स्क्रिप्ट में लिखे भी नहीं होते और जब हमें उन्हें(प्रियदर्शन को) दिखाते हैं, तो उन्हें पसंद आ जाते हैं.

बता दें कि राजपाल यादव ने साल 2010 में फिल्म अता पता लापता को प्रोड्यूस किया था. इस मूवी के लिए उन्होंने माधव गोपाल अग्रवाल से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे. हालांकि फिल्म फ्लॉप रही और सारे पैसे डूब गए. इसके बाद 5 करोड़ पर ब्याज बढ़कर 9 करोड़ हो गया. राजपाल ने जो चेक दिए वो बाउंस हुए. जिसके बाद आखिर में राजपाल यादव ने इस मामले में खुद को सरेंडर कर दिया और 5 फरवरी को वह तिहाड़ जेल गए. हालांकि 17 फरवरी को जमानत मिल गई थी. जिसके बाद से वह रिहा चल रहे हैं. एक्टर अभी तक 4.25 करोड़ रुपये चुका चुके हैं. वहीं, इस मामले की अगली सुनवाई 1 अप्रैल को होगी.

काम को लेकर बात करें तो राजपाल यादव जल्द ही फिल्म भूत बंगला में अक्षय कुमार के साथ नजर आने वाले हैं. यह फिल्म सिनेमाघरों में 10 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी. फिल्म में तब्बू, परेश रावल और वामिका गब्बी भी अहम रोल में दिखाई देंगी.

First published on: Mar 27, 2026 01:10 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.