---विज्ञापन---
बॉलीवुड के 5 सुपरस्टार, जिनके नाम है सबसे ज्यादा हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड

भारतीय सिनेमा के 100 से अधिक वर्षों के इतिहास में कई सितारे आए और गए, लेकिन कुछ अभिनेताओं ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी अमिट छाप छोड़ी है जिसे मिटाना नामुमकिन है. अक्सर प्रशंसकों को लगता है कि सबसे ज्यादा हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड शाहरुख, सलमान या आमिर खान के नाम होगा, लेकिन असलियत में इस लिस्ट के 'टॉप 5' में पुराने दौर के दिग्गजों का दबदबा है. 'ही-मैन' धर्मेंद्र से लेकर पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना तक, इन सितारों ने उस दौर में सफलता के झंडे गाड़े थे जब फिल्में महीनों तक सिनेमाघरों में टिकी रहती थीं. आइए जानते हैं बॉलीवुड के उन 5 सबसे सफल अभिनेताओं के बारे में जिनके नाम सबसे ज्यादा हिट फिल्में दर्ज हैं.

धर्मेंद्र (ही-मैन)- इस सूची में सबसे शीर्ष पर बॉलीवुड के असली 'ही-मैन' धर्मेंद्र काबिज हैं. उन्होंने अपने 60 साल लंबे करियर में लगभग 300 फिल्मों में काम किया. ट्रेड एनालिस्ट्स के आंकड़ों के अनुसार, धर्मेंद्र के नाम 98 हिट फिल्में हैं, जो एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ना आज के दौर में लगभग असंभव लगता है.

जितेंद्र- दूसरे पायदान पर 'जंपिंग जैक' के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता जितेंद्र हैं. अपनी सफेद पोशाक और अनोखे डांस स्टेप्स के लिए पहचाने जाने वाले जितेंद्र ने 200 से अधिक फिल्में कीं, जिनमें से 69 फिल्में हिट साबित हुईं. उन्होंने मसाला और पारिवारिक फिल्मों के जरिए दर्शकों पर जबरदस्त पकड़ बनाई थी.

अमिताभ बच्चन- 'सदी के महानायक' अमिताभ बच्चन पिछले 5 दशकों से अधिक समय से इंडस्ट्री के स्तंभ बने हुए हैं. 80 की उम्र पार करने के बाद भी वे मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. बिग बी ने अब तक अपने करियर में 63 हिट फिल्में दी हैं, और उनकी यह पारी आज भी जारी है.

मिथुन चक्रवर्ती- चौथे स्थान पर 'डिस्को डांसर' मिथुन चक्रवर्ती का नाम आता है. उन्होंने हिंदी और बंगाली सिनेमा को मिलाकर 350 से ज्यादा फिल्में की हैं. बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड्स बताते हैं कि मिथुन दा के खाते में 58 हिट फिल्में दर्ज हैं, जो उनकी व्यापक लोकप्रियता का प्रमाण है.

राजेश खन्ना- लिस्ट को पूरा करते हैं बॉलीवुड के पहले आधिकारिक सुपरस्टार राजेश खन्ना. उनके नाम लगातार 15 सोलो हिट फिल्में देने का ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड है जिसे आज तक कोई नहीं छू पाया. अपने पूरे फिल्मी सफर में 'काका' ने कुल 57 हिट फिल्में दीं.