इंतजार खत्म हो गया है. रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' का दूसरा सीजन आज यानी 13 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. एक बार फिर करण जौहर इस रहस्यमयी और रोमांचक खेल की कमान संभालते नजर आएंगे. हालांकि इस बार शो पहले सीजन से और भी ज्यादा दिलचस्प होने वाला है. खिलाड़ियों की संख्या से लेकर महल की सजावट और गेम के ट्विस्ट तक, कई चीजें बदली गई हैं.
शो के रहस्य और रोमांच से फैंस होंगे हैरान
पहले सीजन में 20 कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था, लेकिन इस बार 21 खिलाड़ी एक-दूसरे को मात देने के लिए मैदान में उतरेंगे. शो की शूटिंग मार्च में जैसलमेर के मशहूर सूर्यगढ़ पैलेस में हुई है. पूरे महल को गेम की थीम के मुताबिक तैयार किया गया है, जिससे शो में रहस्य और रोमांच का माहौल और गहरा नजर आएगा.
राउंड टेबल पर होगा असली खेल
'द ट्रेटर्स' में राउंड टेबल सबसे अहम जगह होने वाली है. यहीं सभी खिलाड़ी आमने-सामने बैठकर एक-दूसरे से सवाल करेंगे. लाल रोशनी से सजे इस कमरे में खिलाड़ी एक-दूसरे पर शक जताते और खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करते दिखाई देंगे. माना जा रहा है कि गेम के कई बड़े फैसले इसी टेबल पर होंगे.
करण के साथ नजर आएगी 'बू'
इस सीजन करण जौहर को एक खास साथी भी मिलने वाली है. शो में 'बू' नाम की बिल्ली. करण के साथ नजर आएगी. उसे करण की साथी के तौर पर शो का हिस्सा बनाया गया है. वहीं करण का अंदाज भी पहले सीजन से ज्यादा रॉयल और ड्रामेटिक नजर आएगा. वह रेड एम्ब्रॉयडरी वाले आउटफिट्स, रंगीन चश्मों और बड़ी ज्वैलरी में दिखाई देंगे.
महल में हर तरफ होगा रहस्य
सूर्यगढ़ पैलेस के अलग-अलग हिस्सों को अलग थीम दी गई है. कहीं लाल तो कहीं सुनहरी सजावट देखने को मिलेगी. लंबे गलियारों, पुरानी वास्तुकला और बड़ी घड़ी के साथ महल को रहस्यमयी लुक दिया गया है. इस बार गेम सिर्फ एक कमरे तक सीमित नहीं रहेगा. टावर में मर्डर मिस्ट्री और सीक्रेट मीटिंग्स भी कहानी को आगे बढ़ाएंगी.
ये 21 सेलेब्स खेलेंगे खेल
इस सीजन मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारूकी, श्वेता तिवारी, रिया चक्रवर्ती, शालिनी पासी, अभिषेक मल्हान, रणवीर बरार, कुल्लू, क्रिस्टल डिसूजा, दलीप ताहिल, इक्का सिंह, पारुल गुलाटी, शाहनील गिल, हरमन सिंघा, साउंडस मौफाकिर, रिदा थराना, तान्या पुरी, अंश चोपड़ा, करण सिंह मैजिक, प्रिश और साहिल सलाथिया नजर आएंगे. कुल मिलाकर, 'द ट्रेटर्स 2' में ग्लैमर, सस्पेंस, धोखा और दिमागी खेल का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा.