The Traitors 2 Trailer Released: ओटीटी की दुनिया में धमाल मचाने वाला रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है. शो के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे देखकर साफ है कि इस बार खेल पहले सीजन से भी ज्यादा खतरनाक, रोमांचक और सस्पेंस से भरा होने वाला है. इस बार भी फिल्ममेकर और होस्ट करण जौहर अपने खास अंदाज में खिलाड़ियों की परीक्षा लेते नजर आएंगे. शो का प्रीमियर 13 अगस्त को प्राइम वीडियो पर होगा.
करण जौहर ने दिखाया खौफनाक महल
ट्रेलर की शुरुआत ही करण जौहर के एक दमदार डायलॉग से होती है. वह कहते हैं, 'ये महल सपने जैसा लगता है… और मैं उस सपने को बुरे सपने में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता.' करण का ये अंदाज साफ कर देता है कि इस सीजन में खिलाड़ियों के लिए कुछ भी आसान नहीं होने वाला है.
21 खिलाड़ियों से सजेगा शो
शाही महल में पहुंचने वाले 21 सेलिब्रिटी खिलाड़ियों को एक-दूसरे पर भरोसा करना होगा, लेकिन इसी भरोसे के बीच छिपा होगा धोखे का सबसे बड़ा खेल. कौन दोस्त बनकर दुश्मन निकलेगा और कौन आखिरी समय तक अपनी असली पहचान छिपाने में कामयाब होगा, यही शो का सबसे बड़ा सस्पेंस है.
21 सेलिब्रिटीज के बीच होगी कांटे की टक्कर
'द ट्रेटर्स 2' में इस बार टीवी, बॉलीवुड, सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट की दुनिया के कई चर्चित चेहरे शामिल हैं. इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ, अभिषेक मल्हान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी जैसे नाम शामिल हैं.
कौन होगा ट्रेटर और कौन इनोसेंट?
शो में खिलाड़ियों को दो गुटों में बांटा जाएगा. 'ट्रेटर्स और इनोसेंट्स' इनोसेंट्स का मकसद ट्रेटर्स को पहचानकर उन्हें गेम से बाहर करना होगा. वहीं ट्रेटर्स अपनी पहचान छिपाकर एक-एक करके इनोसेंट्स को रास्ते से हटाने की कोशिश करेंगे.
कौन जीतेगा माइंड गेम?
इसके अलावा खिलाड़ियों को मुश्किल टास्क, माइंड गेम्स और 'सर्कल ऑफ शक' जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. यानी इस बार हर मुस्कान के पीछे शक और हर दोस्ती के पीछे धोखा छिपा हो सकता है.
कब से शुरू होगा शो?
अब देखना दिलचस्प होगा कि 21 खिलाड़ियों के बीच कौन सबसे बड़ा मास्टरमाइंड बनकर सामने आता है और कौन करण जौहर के इस खतरनाक खेल की ट्रॉफी अपने नाम करता है. 'द ट्रेटर्स 2' का प्रीमियर 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर होगा और नए एपिसोड हर गुरुवार स्ट्रीम किए जाएंगे.