रितेश देशमुख के होस्ट वाले रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' का फिनाले अब बेहद करीब है. 5 अगस्त को होने वाले ग्रैंड फिनाले से पहले शो में ऐसा बड़ा ट्विस्ट आया, जिसने कंटेस्टेंट्स के साथ-साथ दर्शकों को भी चौंका दिया. एक्टर हर्षद चोपड़ा ने अपनी फाइनलिस्ट की जगह छोड़कर शिवांगी जोशी को बचाने का फैसला लिया और खुद शो से बाहर हो गए.

हर्षद बने थे शो के पहले फाइनलिस्ट

दरअसल, ग्रैंड फीस्ट टास्क के बाद हर्षद शो के पहले फाइनलिस्ट बने थे. वहीं कंटेस्टेंट श्रेया कालरा को एक खास पावर मिली, जिसके जरिए उन्हें किसी एक खिलाड़ी को शो से बाहर करने का अधिकार मिला. श्रेया ने बिना झिझक शिवांगी जोशी का नाम लिया. उन्होंने कहा कि शिवांगी पहले उन्हें गैंग से बाहर कर चुकी हैं और अब वह उसी का जवाब दे रही हैं. साथ ही उन्होंने यह भी माना कि वह अपना कॉम्पिटिशन कम करना चाहती हैं.

---विज्ञापन---

हर्षद चोपड़ा की श्रेया से भावुक अपील

श्रेया का फैसला सुनकर हर्षद चोपड़ा काफी भावुक हो गए. उन्होंने श्रेया से अपना फैसला बदलने की गुजारिश की. शिवांगी ने भी खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन श्रेया अपने फैसले पर अड़ी रहीं. जब बाकी कंटेस्टेंट्स से राय मांगी गई तो राम कपूर को छोड़कर लगभग सभी ने श्रेया का समर्थन किया.कई खिलाड़ियों ने हर्षद से कहा कि अगर उन्हें शिवांगी की इतनी चिंता थी, तो उन्हें पहले ही टास्क में जीतने देना चाहिए था.

शो में आया बड़ा मोड़

इसके बाद शो में सबसे बड़ा मोड़ आया. हर्षद को ऑप्शन दिया गया कि वह अपनी फाइनलिस्ट की जगह शिवांगी को दे सकते हैं और खुद शो छोड़ सकते हैं. बिना ज्यादा सोचे उन्होंने यही फैसला लिया. शो से बाहर जाते वक्त हर्षद ने भावुक होकर कहा कि अगर आज शिवांगी बाहर चली जातीं तो उन्हें जिंदगी भर इसका अफसोस रहता.

---विज्ञापन---

हर्षद के जाने के बाद शिवांगी हुईं इमोशनल

हर्षद के जाने के बाद शिवांगी जोशी भी खुद को संभाल नहीं पाईं. उन्होंने साफ कहा कि उनका किसी से बात करने का मन नहीं है. इसी बीच श्रेया ने आरोप लगाया कि शिवांगी पूरे गेम में हर्षद को इमोशनली परेशान करती रही हैं. यह सुनते ही शिवांगी भड़क गईं और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

---विज्ञापन---

शिवांगी ने श्रेया को लताड़ा

गुस्से में शिवांगी ने श्रेया से कहा कि उनका गेमप्ले बेहद घटिया है और दूसरों को नीचा दिखाकर कोई शो नहीं जीत सकता. जवाब में श्रेया ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अगर शिवांगी को इतना ही बुरा लग रहा था तो उन्हें पहले ही गेम छोड़ देना चाहिए था. दोनों के बीच हुई इस जोरदार बहस ने फिनाले से पहले शो का माहौल पूरी तरह गरमा दिया है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर 'लॉक अप: सच या सजा' का विजेता कौन बनता है.

---विज्ञापन---