Samay Raina Indias Got Latent 2: मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना (Samay Raina) अपने नए शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' (India's Got Latent 2) को लेकर एक बार फिर बड़े विवाद में फंस गए हैं. शो के हालिया एपिसोड में कश्मीरी पंडितों और बिहार के लोगों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा देखा जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक राम कदम ने समय रैना की इस हरकत की सख्त लहजे में निंदा करते हुए इसे एक सस्ता पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है.

बीजेपी विधायक ने साधा निशाना

समय रैना के विवादित वीडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद बीजेपी नेता और विधायक राम कदम ने उनके खिलाफ कड़ा ऐतराज जताया है. राम कदम ने कहा कि कश्मीरी पंडित समुदाय ने जो दर्द, अत्याचार और विस्थापन झेला है, उसके बाद उनका इस तरह मजाक उड़ाना बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है. उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले व्यक्ति को तुरंत पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.

---विज्ञापन---

'पब्लिसिटी स्टंट के लिए बनाया निशाना'

विधायक राम कदम ने आगे कहा कि हम कला और कलाकारों की प्रतिभा का सम्मान करते हैं, लेकिन हर चीज की एक नैतिक सीमा होती है. किसी समुदाय की आस्था और दर्द को ठेस पहुंचाकर की जाने वाली कॉमेडी को कला नहीं माना जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि समय रैना जैसे कलाकार जानबूझकर पब्लिसिटी पाने के लिए कश्मीरी पंडितों और बिहारी भाइयों को अपना निशाना बना रहे हैं.

एपिसोड 5 में क्या हुआ था?

विवाद की शुरुआत 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' के पांचवें एपिसोड से हुई, जो 28 अगस्त को स्ट्रीम हुआ था. इस एपिसोड में बिहार से आने वाली कॉमेडियन शैरन वर्मा भी पैनलिस्ट के रूप में शामिल हुई थीं. शो में रोस्टिंग के दौरान समय रैना ने शैरन पर तंज कसते हुए कहा, "शैरन एक बिहारी हैं जो काम की तलाश में मुंबई आई हैं, जस्ट बिहारी थिंग्स."

---विज्ञापन---

जवाब में कश्मीरी पंडितों पर टिप्पणी

समय रैना के तंज का जवाब देते हुए शैरन वर्मा ने उनके कश्मीरी पंडित होने पर टिप्पणी कर दी. शैरन ने कहा, "चलो कम से कम मैंने अपना राज्य अपनी मर्जी से तो छोड़ा." इसके बाद दोनों के बीच ऐसे कई विवादित और तीखे कमेंट्स का आदान-प्रदान हुआ, जिसके क्लिप्स अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग कॉमेडियंस की जमकर क्लास लगा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

शो का यह हिस्सा इंटरनेट पर आते ही लोग समय रैना और शैरन वर्मा दोनों पर भड़क उठे हैं. नेटिज़न्स का कहना है कि व्यंग्य और मजाक के नाम पर किसी भी समुदाय के ऐतिहासिक उत्पीड़न और मजबूरी का उपहास उड़ाना बेहद गलत है. लोग दोनों कॉमेडियंस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं.

---विज्ञापन---