Koffee With Karan 9: बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान खान (Salman Khan) को लेकर एक ऐसा खुलासा सामने आया है, जिसने उनके फैंस को इमोशनल भी कर दिया है और चौंका भी दिया है. करण जौहर के पॉपुलर चैट शो 'कॉफी विद करण 9' (Koffee With Karan 9) के आखिरी सीजन के पहले गेस्ट बने सलमान ने अपनी पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात की. 60 साल की उम्र में पहुंच चुके सुपरस्टार ने शो पर दिल खोलकर यह माना कि उन्हें अपनी जिंदगी में बच्चों की कमी खलती है और वह भविष्य में पिता बनना चाहते हैं.

बच्चों के साथ गहरा लगाव और पिता बनने की इच्छा

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शो के दौरान जब करण जौहर ने सलमान से पूछा कि जो इंसान अपने भतीजे-भतीजियों और भांजे-भांजियों पर जान छिड़कता है, क्या उसे अपना बच्चा न होने की कमी महसूस होती है? इस पर सलमान ने दिल से जवाब देते हुए हामी भरी और कहा कि वो जीवन में कभी न कभी बच्चा जरूर चाहते हैं.

जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा धमाकेदार एपिसोड

सलमान खान का यह स्पेशल एपिसोड 14 अक्टूबर को शाम 7 बजे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर स्ट्रीम होने जा रहा है. फैंस इस एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि यह इस आइकॉनिक चैट शो का आखिरी सीजन है.

आखिरी सीजन को लेकर सलमान का मजेदार तंज

सामने आए प्रोमो वीडियो में सलमान मजाकिया अंदाज में करण जौहर से कहते नजर आते हैं, “कहीं ऐसा तो नहीं कि आखिरी सीजन बोलकर आप सबसे कॉफी विद करण करवा रहे हैं?” इस पर करण वादा करते हैं कि वो इस शो को अब कभी वापस लेकर नहीं आएंगे.

'करण तुस्सी न जाओ…'

करण के यह कहने पर कि शो बंद हो रहा है, सलमान मुस्कुराते हुए शाहरुख खान की फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के अंदाज में कहते हैं, “करण तुस्सी न जाओ…” दोनों के बीच की यह मस्तीखोर बॉन्डिंग प्रोमो में फैंस को काफी पसंद आ रही है.

सालों से दर्शकों का फेवरेट शो

आपको बता दें कि करण जौहर का यह चैट शो सालों से दर्शकों का फेवरेट रहा है और अब इस आखिरी सीजन के फिनाले के साथ इसका सफर हमेशा के लिए थम जाएगा, जिसकी शुरुआत सलमान खान के साथ बेहद धमाकेदार तरीके से हो रही है.