Rise and Fall 2: वीरेंद्र सहवाग का पॉपुलर रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' (Rise and Fall 2) अब अपने ग्रैंड फिनाले की दहलीज पर खड़ा है. फिनाले की इस जंग में दर्शकों को तब सबसे बड़ा झटका लगा जब एपिसोड 40 में एक साथ 3 मजबूत कंटेस्टेंट्स का सफर खत्म हो गया. ट्रिपल एलिमिनेशन के इस खौफनाक मोड़ ने घर का पूरा गेम बिगाड़ कर रख दिया है. वहीं, शो के शुरुआती दिनों से जिगरी दोस्त रहे शहजाद पूनावाला और स्वरा भास्कर के बीच छिड़ी खुली जंग ने फिनाले से पहले माहौल और गरमा दिया है.
शहजाद पूनावाला और स्वरा भास्कर की दोस्ती में आई दरार
शो के शुरुआती दिनों से ही शहजाद पूनावाला और स्वरा भास्कर के बीच काफी गहरी बॉन्डिंग देखने को मिलती थी. हालांकि, हाल ही में जब अल्टीमेट रूलर और शो के पहले फाइनलिस्ट बने शहजाद पूनावाला को पावर मिली, तो उन्होंने स्वरा भास्कर की जगह गौतम गुलाटी को सुरक्षित कर लिया. शहजाद के इस फैसले से स्वरा बुरी तरह भड़क गईं और अब दोनों खुलकर एक-दूसरे के खिलाफ नजर आ रहे हैं.
इस हफ्ते कौन-कौन से 6 कंटेस्टेंट्स थे डेंजर जोन में?
ग्रैंड फिनाले से पहले हुए इस हफ्ते के नॉमिनेशन प्रक्रिया में 6 कंटेस्टेंट्स के सिर पर बेघर होने की तलवार लटक रही थी. इस लिस्ट में प्रियंका चाहर चौधरी, निहारिका तिवारी, मनीष कश्यप, ऋषभ जायसवाल, जसवंत बोपन्ना और सोनम मलिक के नाम शामिल थे. वोटिंग लाइंस बंद होने के बाद दर्शकों की नजरें नतीजों पर टिकी हुई थीं.
प्रियंका और निहारिका सुरक्षित, मनीष और जसवंत हुए आउट
फैंस की वोटिंग के आधार पर प्रियंका चाहर चौधरी और निहारिका तिवारी को सबसे ज्यादा वोट मिले, जिसके चलते दोनों सुरक्षित होकर फिनाले की रेस में बनी रहीं. वहीं दूसरी ओर, सबसे कम वोट मिलने की वजह से मनीष कश्यप और जसवंत बोपन्ना को तुरंत प्रभाव से शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
रूलर्स की स्पेशल पावर ने तय किया तीसरे कंटेस्टेंट का शिकार
मनीष और जसवंत के बाहर होने के बाद बिग बॉस स्टाइल ट्विस्ट लाते हुए रूलर्स को स्पेशल पावर दी गई. उन्हें ऋषभ जायसवाल और सोनम मलिक में से किसी एक को बचाना था. वोटिंग के दौरान स्वरा भास्कर ने ऋषभ के पक्ष में स्टैंड लिया, जबकि करण पटेल, शहजाद पूनावाला और गौतम गुलाटी ने सोनम मलिक को वोट दिया. बहुमत सोनम के साथ होने के कारण ऋषभ जायसवाल को भी शो से बाहर होना पड़ा.
एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहा है शो
बनिजय एशिया के बैनर तले बने इस धमाकेदार शो का लुफ्त दर्शक ओटीटी प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर पर हर रोज दोपहर 12 बजे उठा सकते हैं. फिनाले से ठीक पहले हुए इस ट्रिपल एलिमिनेशन के बाद अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रॉफी किसके नाम होती है.