भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी शादी को लेकर चर्चा में आ गए हैं. इस बार वजह उनकी कोई निजी बात नहीं, बल्कि टीवी शो 'भोजपुरी बवाल' का एक मजेदार प्रोमो है. शो के अपकमिंग एपिसोड में राधे मां बतौर मेहमान नजर आएंगी. इसी दौरान भारती सिंह ने पवन सिंह की शादी को लेकर ऐसा सवाल कर दिया कि पूरा माहौल हंसी-मजाक से भर गया.
पवन सिंह के जीवन साथी को लेकर सवाल
प्रोमो में भारती सिंह, राधे मां से पवन सिंह के जीवनसाथी को लेकर सवाल करती नजर आती हैं. वह कहती हैं कि पवन सिंह को अच्छा जीवनसाथी मिलेगा और इस मामले में वह कई बार धोखा खा चुके हैं. इसके बाद राधे मां पवन सिंह को अपने सामने बुलाती हैं. पावर स्टार हाथ जोड़कर उनके सामने खड़े हो जाते हैं.
पवन सिंह की तारीफ में राधे मां ने कही ये बात
राधे मां पवन सिंह को देखकर कहती हैं कि उनका दिल बहुत साफ है. इसके बाद वह दावा करती हैं कि 45 साल की उम्र में पवन सिंह को एक बहुत अच्छी और प्यार करने वाली पत्नी मिलेगी. राधे मां की यह बात सुनते ही पवन सिंह के साथ बैठीं आम्रपाली दुबे उनकी उम्र की गिनती शुरू कर देती हैं.
भारती सिंह ने बांधा समां
वहीं भारती सिंह भी मौके को मजेदार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़तीं. वह मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि अब पांच साल बाद डांस होगा. उनकी बात सुनकर सेट पर मौजूद आम्रपाली दुबे और निरहुआ हंसने लगते हैं, जबकि पवन सिंह भी शर्माते हुए नजर आते हैं. प्रोमो में भोजपुरी सितारों की यह मस्ती दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
फैंस भी हुए एक्साइटेड
पवन सिंह की तीसरी शादी को लेकर राधे मां की भविष्यवाणी सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन आने लगे. कुछ फैंस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पवन भइया एक बार फिर दूल्हा बनेंगे. वहीं कुछ लोगों ने उन्हें भोजपुरी का 'टीआरपी किंग' बताया. आम्रपाली दुबे ने भी प्रोमो पर हंसने वाली इमोजी के जरिए रिएक्शन दिया.
दो शादियां रह चुकी हैं चर्चा में
बता दें कि पवन सिंह की पहली शादी दिसंबर 2014 में नीलम सिंह से हुई थी. हालांकि शादी के कुछ समय बाद नीलम का निधन हो गया था. इसके बाद पवन सिंह का नाम अक्षरा सिंह के साथ जुड़ा. दोनों के रिश्ते ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. बाद में पवन सिंह ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की.
पवन और ज्योति के रिश्ते में विवाद
हालांकि, पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्ते में भी लंबे समय से विवाद की खबरें आती रही हैं. दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है. अब 'भोजपुरी बवाल' में राधे मां की भविष्यवाणी ने पवन सिंह की निजी जिंदगी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.