Panchayat Season 5 Trailer: ओटीटी की पॉपुलर कॉमेडी ड्रामा सीरीज 'पंचायत' एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और गुदगुदाने के लिए तैयार है. फुलेरा गांव की राजनीति, प्रधान जी की परेशानियां और सचिव जी की लव स्टोरी इस बार भी खूब एंटरटेन करने वाली है. दरअसल, 'पंचायत सीजन 5' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. इसे देखकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई है. ट्रेलर में जहां प्रधान जी अपनी नई परिस्थितियों से परेशान नजर आ रहे हैं, वहीं बनराकस ने एक बार फिर उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

'पंचायत 5' में बदलेगी फुलेरा की राजनीति

'पंचायत 5' के ट्रेलर में इस बार फुलेरा की सत्ता में बदलाव देखने को मिल रहा है. प्रधान जी यानी रघुबीर यादव के हाथ से कुर्सी जा चुकी है और अब उन्हें इसके बिना जिंदगी बिताने की आदत डालनी पड़ रही है. हालांकि, कुर्सी जाने के बाद भी उनकी परेशानियां कम नहीं हुई हैं. दूसरी तरफ बनराकस यानी दुर्गेश कुमार अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनके और प्रधान जी के बीच होने वाली नोकझोंक दर्शकों को खूब हंसाने वाली है.

रिंकी और सचिव जी की लव स्टोरी में आएगा ट्विस्ट

इस सीजन में सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी भी आगे बढ़ती दिखाई देगी. जितेंद्र कुमार और संविका की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखकर फैंस काफी खुश हैं. ट्रेलर में दोनों के रिश्ते को लेकर कई दिलचस्प पल देखने को मिलते हैं. वहीं, उनकी लव स्टोरी की भनक दूसरे लोगों को लगने से फुलेरा में नया ड्रामा शुरू होने वाला है. अब देखना दिलचस्प होगा कि सचिव जी अपने प्यार का इजहार कर पाते हैं या नहीं.

'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज

कब रिलीज होगी 'पंचायत 5'?

दीपक कुमार मिश्रा के डायरेक्शन में बनी इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक जैसे कलाकार नजर आएंगे. इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है और इसे द वायरल फीवर (TVF) ने प्रोड्यूस किया है.

फैंस को कैसा लगा 'पंचायत 5' का ट्रेलर

ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने अपने रिएक्शन देने शुरू कर दिए हैं. एक यूजर ने लिखा कि ट्रेलर से ज्यादा खुशी इस बात की है कि यह 'पंचायत' का ट्रेलर है. वहीं, दूसरे ने मजाक में कहा कि बनराकस ने सचिव जी और रिंकी को पकड़ लिया. एक अन्य यूजर ने लिखा कि इस बार फुलेरा में विकास कम और बवाल ज्यादा होने वाला है.

बहरहाल, इस सीजन का फैंस को बड़ी बेसब्री से इंतजार है, जिसका प्रीमियर इसी साल 3 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर होगा. यह सीरीज भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में स्ट्रीम होगी.