Panchayat Season 5 Release Date: अमेजन प्राइम वीडियो की मोस्ट पॉपुलर और हिट सीरीज 'पंचायत' के 5वें सीजन की रिलीज डेट को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, पिछले कुछ समय से खबर आ रही थी कि 'पंचायत' का 5वां सीजन इस साल रिलीज नहीं किया जाएगा. इसे अगले साल के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है. लेकिन, अब ये सीरीज अपने 5वें सीजन के साथ लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है और अब फैंस को अगले साल तक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा. दरअसल, प्राइम वीडियो ने 'पंचायत' के 5वें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है.

खत्म हुआ इंतजार

प्राइम वीडियो ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम पर 'पंचायत' के 5वें सीजन का नया पोस्टर शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट का ऐलान किया है. पोस्ट में बताया गया है कि ये पॉपुलर कॉमेडी-ड्रामा 3 दिसंबर को प्रीमियर होगा. दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बने 'पंचायत' के 5वें सीजन के नए पोस्टर में दिखाया गया है कि फुलेरा में अब बनराकस की सत्ता बनने जा रही है.

इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सानविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक जैसे एक्टर्स अहम भूमिका में हैं.

5वें सीजन के साथ वापस आ रही…

प्राइम वीडियो इंडिया के SVOD कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर और हेड, मनीष मेन्घानी ने 5वें सीजन को लेकर कहा, 'कुछ कहानियां इसलिए खास बन जाती हैं क्योंकि समय के साथ वे हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं. 'पंचायत' एक ऐसी ही कहानी है. भारत की सबसे सफल और जानी-मानी फ्रेंचाइजी में से एक होने के नाते, यह बहुत गर्व की बात है कि यह सीरीज अब अपने 5वें सीजन के साथ वापस आ रही है.'

'पंचायत' हमारे लिए…

वहीं, द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा, 'पिछले कुछ सालों में, 'पंचायत' हमारे लिए सिर्फ एक सीरीज से कहीं बढ़कर हो गई है. फुलेरा और वहां के लोगों के लिए दर्शकों ने जो प्यार दिखाया है, वह वाकई अद्भुत है. इससे हमारा यह विश्वास और पक्का हो गया है कि सबसे सरल कहानियां भी, अगर ईमानदारी और दिल से सुनाई जाएं, तो गहरा असर छोड़ सकती हैं. इस सफर के केंद्र में वे कई किरदार, रिश्ते और रोजमर्रा के पल हैं, जिन्होंने फुलेरा को दर्शकों के लिए इतना खास बना दिया है. सीजन 5 के साथ, हम इन सभी प्यारे किरदारों के सफर को आगे ले जाने के लिए तैयार हैं. गांव की जिंदगी में अब नई चुनौतियां, बदलते हालात और अनचाहे मोड़ आने वाले हैं, जो कहानी में नए आयाम जोड़ेंगे.'