Panchayat 5 OTT Release: ओटीटी की दुनिया की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज 'पंचायत' (Panchayat Season 5) के फैंस के लिए एक बेहद निराशाजनक खबर सामने आई है. लंबे समय से फुलेरा गांव में सचिव जी और रिंकी की वापसी का इंतजार कर रहे दर्शकों को अब थोड़ा और सब्र करना होगा. मेकर्स और प्राइम वीडियो ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक अनोखे अंदाज में पोस्टर शेयर करते हुए साफ कर दिया है कि 'पंचायत सीजन 5' इस साल रिलीज नहीं होगा. खास बात यह है कि यह ऐलान किसी और ने नहीं बल्कि सबके चहेते 'बनराकस' ने किया है.
इस साल नहीं आएगा 'पंचायत सीजन 5', मेकर्स ने किया स्पष्ट
रविवार को अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए 'पंचायत सीजन 5' की रिलीज को लेकर स्थिति साफ कर दी है. मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि दर्शक इस साल फुलेरा गांव की नई कहानी नहीं देख पाएंगे. रिलीज डेट आगे खिसकने की इस खबर ने सोशल मीडिया पर फैंस को काफी निराश कर दिया है.
'बनराकस' के अनोखे अंदाज में हुई घोषणा
इस ऐलान को भी मेकर्स ने 'पंचायत' के देसी और मजेदार अंदाज में ही पेश किया है. सीरीज में भूषण यानी 'बनराकस' का आइकॉनिक किरदार निभाने वाले अभिनेता दुर्गेश कुमार का एक नया पोस्टर जारी किया गया है. पोस्टर के साथ लिखा गया है कि बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है- बनराकस.
मेकर्स की नई रणनीति या सच में टली रिलीज?
बनराकस के इस पोस्टर और ट्वीट के सामने आने के बाद फैंस के बीच नई बहस छिड़ गई है. कई लोगों का मानना है कि यह मेकर्स की कोई नई प्रमोशनल रणनीति भी हो सकती है, जबकि ज्यादातर रिपोर्ट्स इसे रिलीज पोस्टपॉन होने का आधिकारिक संकेत मान रही हैं. अब यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि इसमें कितनी सच्चाई है.
प्रधानी चुनाव और उप-प्रधानी के पेंच पर टिकी हैं निगाहें
'पंचायत 5' को लेकर दर्शकों में इतना क्रेज इसलिए भी है क्योंकि सीजन 4 एक बेहद दिलचस्प मोड़ पर खत्म हुआ था. चौथे सीजन के अंत में फुलेरा के प्रधानी चुनाव के नतीजे सामने आए थे और उप-प्रधानी के चयन को लेकर गांव में जबरदस्त राजनीति और माथापच्ची शुरू हो गई थी, जिसका फैसला अब अगले सीजन में होगा.
सचिव जी-रिंकी की लव स्टोरी और प्रह्लाद चा का विधायकी चुनाव
आने वाले सीजन में राजनीतिक उठापटक के साथ-साथ इमोशनल और रोमांटिक ट्रैक भी देखने को मिलेंगे. एक तरफ प्रह्लाद चा के विधायकी का चुनाव लड़ने की तैयारी कहानी में नया तड़का लगाएगी, वहीं दूसरी तरफ सचिव जी और पूर्व प्रधान की बेटी रिंकी की अधूरी लव स्टोरी किस मुकाम पर पहुंचती है, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा.