Panchayat Movie: ओटीटी पर अपनी सादगी और शानदार कॉमेडी से दर्शकों का दिल जीतने वाली वेब सीरीज 'पंचायत' अब बड़े पर्दे पर भी दस्तक दे सकती है. फुलेरा गांव के प्रधान जी, सचिव जी और बनराकस की मजेदार दुनिया को सिनेमाघरों में देखने का मौका मिल सकता है. दरअसल, 'पंचायत सीजन 5' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में मेकर्स ने फिल्म बनाने को लेकर ऐसा जवाब दिया है, जिसके बाद फैंस के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं.
'पंचायत' को लेकर मेकर्स ने दिया बड़ा हिंट
हाल ही में मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के महोड़िया गांव में 'पंचायत सीजन 5' का ट्रेलर लॉन्च किया गया. इस दौरान मेकर्स ने मीडिया से बातचीत की और सीरीज से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. इसी बीच उनसे पूछा गया कि क्या 'मिर्जापुर' की तरह 'पंचायत' को भी फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर लाने की कोई प्लानिंग है.
मेकर्स के जवाब ने दिया हिंट
इस सवाल पर मेकर्स ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है, लेकिन वे इस संभावना से इनकार भी नहीं कर सकते. उन्होंने संकेत दिया कि अगर उनकी प्लानिंग सही दिशा में आगे बढ़ती हैं तो भविष्य में 'पंचायत' पर फिल्म बन सकती है. हालांकि, अभी तक इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
बड़े पर्दे पर दिखेगा फुलेरा का देसी अंदाज?
बता दें, कि 'पंचायत' अपनी सादगी, शानदार कॉमेडी और गांव की जिंदगी से जुड़ी कहानियों के लिए काफी पसंद की जाती है. इस सीरीज में जितेंद्र कुमार ने अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी का किरदार निभाया है. वहीं, नीना गुप्ता प्रधान मंजू देवी और रघुबीर यादव प्रधान जी के रोल में नजर आते हैं.
बड़े पर्दे पर दिखेंगे पसंदीदा किरदार?
इसके अलावा फैसल मलिक का प्रह्लाद चा और चंदन रॉय का विकास वाला किरदार भी दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर हैं. ऐसे में अगर इस सीरीज पर फिल्म बनती है तो फैंस को अपने पसंदीदा किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिल सकता है.
कब रिलीज होगा 'पंचायत 5'?
फिल्म की चर्चा के बीच दर्शकों को फिलहाल 'पंचायत सीजन 5' का इंतजार है. सीरीज का नया सीजन इसी साल 3 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाला है. ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है.
क्या फुलेरा की कहानी पहुंचेगी सिनेमाघरों तक?
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मेकर्स सच में फुलेरा की कहानी को सिनेमाघरों तक पहुंचाते हैं या फिर दर्शकों को इस गांव की दुनिया का मजा ओटीटी पर ही मिलता रहेगा.