Lock Upp Season 2 Apoorva Makhija Rebel Kid Wild Card Entry: 'लॉक अप सीजन 2' में हर दिन नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं और अब शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट अपूर्वा मुखिजा की एंट्री ने माहौल पूरी तरह बदल दिया है. सोशल मीडिया पर 'द रेबेल किड' के नाम से मशहूर अपूर्वा ने घर में आते ही अपने बेबाक अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया. उनकी एंट्री के बाद घर के रिश्तों और गेम दोनों में नया मोड़ देखने को मिल रहा है.
शो में अपूर्वा की एंट्री
अपूर्वा ने शो में 'चालू' टैग के साथ एंट्री की. मंच पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब किसी के खिलाफ एफआईआर हो जाती है तो उसे अपने बयान और दोस्त दोनों बदलने पड़ते हैं. उनके इस बयान पर घरवालों के साथ-साथ दर्शकों की भी नजरें उन पर टिक गईं.
किसने किया पहले स्वागत?
घर में आने के बाद सबसे पहले श्रेया कालरा ने उनका स्वागत किया. श्रेया ने कहा कि अपूर्वा की एंट्री से गेम और दिलचस्प होने वाला है. इसके बाद अपूर्वा को नई गैंग लीडर बनाया गया. उनकी टीम में श्रेया कालरा, राम कपूर और आकांक्षा चौधरी शामिल हुए. नई टीम बनने के बाद घर का समीकरण भी बदलता नजर आया.
सूफी से बातचीत में क्या बोलीं अपूर्वा?
इसी बीच अपूर्वा ने सूफी से भी लंबी बातचीत की. उन्होंने सूफी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि भले ही उन्हें घर के अंदर अपना गेम कमजोर लग रहा हो, लेकिन बाहर दर्शक उन्हें पसंद कर रहे हैं. दोनों ने अपने पुराने रिश्तों और आगे बढ़ने को लेकर भी खुलकर बात की.
शिवांगी से हर्षद को लेकर कही ये बात
हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई जब अपूर्वा ने शिवांगी से उनके और हर्षद चोपड़ा के रिश्ते को लेकर बात की. अपूर्वा ने शिवांगी से कहा कि उन्हें लगता है कि हर्षद चोपड़ा के मन में उनके लिए प्यार वाली फीलिंग्स हैं. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, 'हर्षद को तुमसे प्यार हो गया है.' यह सुनकर शिवांगी ने तुरंत इस बात से इनकार कर दिया और कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन अपूर्वा अपने दावे पर कायम रहीं और उनका कहना था कि हर्षद के व्यवहार से ऐसा महसूस होता है.
शिल्पा शिंदे पर किया ये खुलासा
इसके अलावा अपूर्वा ने शिल्पा शिंदे को लेकर भी कई बातें शेयर कीं. उन्होंने घरवालों के सामने टीवी एक्ट्रेस और उनके को-एक्टर्स से जुड़े कुछ किस्सों का भी जिक्र किया, जिससे घर में नई चर्चाएं शुरू हो गईं.
अब बदलेगा लॉकअप का अंदाज!
बता दें कि अपूर्वा मुखिजा सोशल मीडिया की पॉपुलर कंटेंट क्रिएटर हैं. उन्हें 'द रेबेल किड' और 'कलेश वाली औरत' के नाम से भी जाना जाता है. इससे पहले वह रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के पहले सीजन में भी नजर आ चुकी हैं. अब 'लॉक अप सीजन 2' में उनकी मौजूदगी शो को और ज्यादा रोमांचक बना रही है.