Koffee With Karan Season 9: बॉलीवुड के मशहूर फिल्मेकर करण जौहर अपने चैट शो ‘काफी विद करण’ के साथ वापसी करने जा रहे हैं. इस शो का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है. मेकर्स ने हाल ही में ‘काफी विद करण’ के सीजन 9 की घोषणा के साथ एक प्रोमो जारी है. प्रोमो वीडियो में करण भावुक नजर आए हैं. आइए जानते हैं करण ने क्या कुछ कहा.
'कॉफी विद करण' का नया सीजन
करण जौहर ने ‘काफी विद करण 9’ के प्रोमो वीडियो में अपने 22 साल पुराने सफर पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, ‘मैंने 2004 में काफी विद करण को शुरू किया था. मुझे याद है कि जब मैंने अपने पिता से इस चैट शो का आईडिया शेयर किया. उन्होंने कहा कि तुम तो वैसे भी रोज चार दोस्तों से मिलते रहते हो, तो तुम्हें एक टॉक शो खोलने की क्या जरुरत है? इसके बाद मैंने अपने पिता को खो दिया. इसके बाद ये शो शुरू किया.’
शो का आखिरी सीजन
वीडियो में करण ने आगे कहा, '8 सीजन 161 एपिसोड में काफी कुछ बदला इस शो में लवर्स आए, जो बाद में जा कर एक्स लवर्स हो गए, कुछ ऐसे थे जो जुड़े रहे, परिवारों के साथ दोस्त भी शामिल हुए. शो में हुई अनगिनत बातचीत सुर्खियां, मीम्स, बहस और कभी न भूलने वाली यादें बन गईं. कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें खत्म करने की आप कोई योजना नहीं बनाते, बस, आपके मन में कहीं गहराई में यह बात होती है कि उन्हें कब छोड़ना है. 'कॉफी विद करण' मेरी जिंदगी का एक बहुत ही खास हिस्सा रहा है. इसने मुझे दोस्त, यादें, पूरी तरह से मस्ती भरे पल, ढेर सारा प्यार और हां, कुछ विवाद भी दिए हैं. मगर अब ये इस शो का आखिरी सीजन है.
करण ने दर्शकों के प्रति जताया आभार
वीडियो में करण जौहर ने फैंस से कहा, ' इन सबके बीच जो चीज हमेशा बनी रही, वो है दर्शक. वो हमारे साथ हंसे, हमसे बहस की, हमें ट्रोल किया, हमें सराहा और सबसे जरूरी बात, वे बार-बार एक और कप के लिए वापस आते रहे. अलविदा कहना भावुक कर देने वाला है, लेकिन यह सही भी लगता है. ये आखिरी सीजन उन सभी लोगों के प्रति आभार और प्यार के साथ एक आखिरी बार मग उठाने का मेरा तरीका है, जिन्होंने 'कॉफी विद करण' को वो बनाया है जो यह आज है. तो, आइए मेरे साथ कॉफी का एक आखिरी कप पीजिए. एक आखिरी बार.'
कब और कहां होगा स्ट्रीम
करण के मुताबिक 'कॉफी विद करण सीजन 9' इस चैट शो का आखिरी सीजन होगा. ये शो 14 अक्टूबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा.