Indian Government on Netflix: नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) की मांग पर अब भारत सरकार का रिएक्शन सामने आया है. हाल ही में भारतीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को सख्त निर्देश देते हुए यह कहा है कि वह यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान से आने वाला कंटेंट भारत में स्ट्रीम न किया जाए. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.
Netflix पर भारत सरकार का बड़ा एक्शन
जब से नेटफ्लिक्स ने पाकिस्तानी सीरीज 'जो बच्चे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर रिलीज किया है, तब से ही AICWA और FWICE इस सीरीज की भारत में रिलीज को लेकर विरोध कर रहे थे. AICWA और FWICE ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में दखल देने और नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज 'जो बच्चे हैं संग समेट लो' की भारत में स्ट्रीमिंग रोकने की अपील की थी.अब भारत के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सख्त निर्देश देते हुए नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह यह पक्का करे कि पाकिस्तान का कोई कंटेंट भारत में स्ट्रीम न हो.
बौखलाया पाकिस्तान का मंत्री
वहीं, हाल ही में इस पूरे मामले पर पाकिस्तान के प्लानिंग मिनिस्टर अहसान इकबाल ने भी रिएक्ट किया. अहसान इकबाल ने बुधवार को सीरीज पर बैन लगाने की मांग करने वाली भारतीय सिने बॉडीज की आलोचना की। उन्होंने इस कदम को 'आर्ट और कल्चर को हथियार बनाना' कहा है.
अहसान इकबाल ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'पहले स्पोर्ट्स को हथियार बनाना, फिर पानी, और अब आर्ट और कल्चर को. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन नई दिल्ली से पाकिस्तानी कंटेंट को परमानेंटली बैन करने की रिक्वेस्ट कर रही है. क्रिकेट मैच को पॉलिटिकल खतरा और टीवी ड्रामा को नेशनल सिक्योरिटी की चिंता के तौर पर देखने के लिए आपको कितना इनसिक्योर होना पड़ेगा? इंडिया, समझदार बनो. एथलीट्स को खेलने दो, पानी को बहने दो, आर्टिस्ट्स को कुछ बनाने दो और ऑडियंस को तय करने दो कि वे क्या देखें.'