Netflix Trending Movie: साउथ सिनेमा के मेकर्स हमेशा से अपनी हटके और धमाकेदार कहानियों के लिए जाने जाते हैं, और इस बार नेटफ्लिक्स (Netflix) पर एक ऐसी तमिल थ्रिलर फिल्म ने तहलका मचा दिया है, जिसने आते ही सीधे नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. इस फिल्म का नाम 'एन्ना विलई' (Enna Vilai) है, जो एक गरीब मछुआरे की ईमानदारी और सिस्टम की साजिश की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी है, जिसे IMDb पर 7.8 की शानदार रेटिंग मिली है. इंटरनेट पर इस वक्त इसी सस्पेंस-थ्रिलर की चर्चा है.
गरीब मछुआरे तवासी की कहानी
फिल्म की कहानी तवासी मुथू नाम के एक गरीब मछुआरे की है, जिसकी एक पत्नी पलामा, दो छोटे बच्चे और एक बहन है. तवासी समंदर में चुंबक डालकर फेंके हुए पैसे बीनकर अपने परिवार का पेट पालता है और अपनी बहन की शादी के लिए पैसे जोड़ रहा है, जबकि उसकी पत्नी फूल बेचती है.
एक चमचमाता पेंडेंट और पुलिस की बेईमानी
समुंदर से सफाई के दौरान तवासी को एक चमचमाता सोने का पेंडेंट मिलता है. ईमानदारी दिखाते हुए वह इसे पुलिस अधिकारी वर्धराजन को सौंप देता है. लेकिन लालची पुलिसवाला उसमें से एक नगीना निकालकर अपने पास रख लेता है, जिसकी असल कीमत करोड़ों में आंकी जाती है.
ईमानदारी की सजा और तवासी पर झूठा इल्जाम
जब तवासी को पता चलता है कि पेंडेंट असली है और वह दोबारा पुलिस के पास जाता है, तो अपनी चोरी छिपाने के लिए भ्रष्ट पुलिसवाला तवासी पर ही मंदिर से चोरी करने का झूठा इल्जाम मढ़ देता है और उसके खिलाफ केस दर्ज करवा देता है.
वकील कंचन की कानूनी जंग और बढ़ता ड्रामा
बिना कोई केस लड़े कंचन नामक महिला वकील तवासी का केस अपने हाथ में लेती है. कोर्ट में पुलिस के सारे झूठ बेनकाब हो जाते हैं, लेकिन मामला तब और गंभीर हो जाता है जब तवासी के मासूम बेटे को स्कूल में 'चोर का बेटा' कहकर प्रताड़ित किया जाता है और वह सुसाइड की कोशिश तक कर बैठता है.
क्लाइमैक्स में ऐसे आया सच सामने
मीडिया में मामला तूल पकड़ने के बाद अंत में वैष्णवी नाम की एक एक्ट्रेस सामने आती है और खुलासा करती है कि वह पेंडेंट उसी का है, जिसे वह अपने पति की याद में समंदर में बहा आई थी. सच सामने आने के बाद तवासी पर लगा चोरी का कलंक धुल जाता है और उसे उसका हक मिल जाता है.