भोजपुरी सितारों से सजा रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' इन दिनों दर्शकों के बीच पहली पसंद बना हुआ है. शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से और राज खोलते नजर आ रहे हैं. इस बीच मेकर्स ने शो के नए प्रोमो रिलीज किए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. जिसमें आम्रपाली दुबे, पवन सिंह को लेकर ऐसा कमेंट करती नजर आ रही हैं, जिसे सुनकर पावर स्टार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वहीं, दूसरे प्रोमो में आम्रपाली और निरहुआ के बीच भी अनबन देखने को मिली, जिसे देखकर फैंस की धड़कनें बढ़ गईं.
आखिर पवन सिंह पर ऐसा क्या बोल गईं आम्रपाली दुबे?
हाल ही में रिलीज हुए प्रोमो में नीलम सिंह, पवन सिंह को लेकर कहती हैं कि उन्होंने सुना है कि पवन जी को नई-नई हीरोइनों के साथ काम करना पसंद है. इसी बातचीत के दौरान आम्रपाली दुबे कहती हैं कि वो लड़कियों के शौकीन हैं. आम्रपाली की यह बात सुनकर पवन सिंह का गुस्सा फूट पड़ता है, और वो नाराज हो जाते हैं.
पवन सिंह का आम्रपाली पर फूटा गुस्सा
पवन सिंह साफ कहते हैं कि उन्हें इस तरह की बातें बिल्कुल पसंद नहीं हैं. प्रोमो में साफ देखा जा सकता है कि उनके चेहरे से उनका गुस्सा साफ नजर आता है. हालांकि, शो में हुई यह बातचीत कितनी गंभीर थी और इसे किस संदर्भ में कहा गया, इसकी पूरी तस्वीर एपिसोड सामने आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
पर निरहुआ से क्यों हुई अनबन?
शो के दूसरे प्रोमो में आम्रपाली दुबे और निरहुआ की दोस्ती को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रोमो में निरहुआ, भारती सिंह से आम्रपाली के नखरों को लेकर बातचीत करते दिखाई देते हैं. उनकी बातें आम्रपाली सुन लेती हैं और इमोशनल होकर रो पड़ती हैं.
निरहुआ संग रिश्ते पर क्या बोली आम्रपाली?
इसके बाद शो में दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल उठते हैं. हालांकि, आम्रपाली से जब निरहुआ के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा जाता है तो वह उन्हें अपना दोस्त ही बताती हैं. ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शो में दोनों के बीच हुई बातचीत किस मोड़ पर पहुंचती है.
शो में पहले भी हो चुके हैं कई खुलासे
'भोजपुरी बवाल' में इससे पहले भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो चुके हैं. जिसने दर्शकों को हैरानी में डाल दिया, काजल राघवानी ने दावा किया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान पवन सिंह उन्हें जबरन किस करना चाहते थे और जब एक्ट्रेस ने इससे मना किया, तो वह सेट छोड़कर चले गए थे.
शो में हुए कई बड़े खुलासे
तो वहीं, आम्रपाली दुबे ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी कई हैरान करने वाले खुलासे किए, शो में उन्होंने बताया कि वह बिना शादी के ही मां बनना चाहती हैं, इतना ही नहीं पवन सिंह भी शो में अपने अधूरे प्यार का दर्द बयां कर चुके हैं. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि उनका प्यार अधूरा रह गया. बहरहाल, इन तमाम खुलासों की वजह से 'भोजपुरी बवाल' लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और दर्शकों की नजर अब इसके अगले एपिसोड पर टिकी है.