Alliance Trailer Release: ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपने नए रियलिटी शो 'एलायंस' का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है. रणनीति, भरोसे, दोस्ती और सर्वाइवल के अनोखे कॉम्बो पर बना यह शो 26 जून से स्ट्रीम होने जा रहा है. खास बात यह है कि शो को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं, जो पहली बार किसी रियलिटी शो की मेजबानी करते नजर आएंगे.

कैसा होगा शो?

'एलायंस' को एक हाई-टेक अंडरग्राउंड लोकेशन में शूट किया गया है, जहां कंटेस्टेंट्स को सिर्फ टास्क जीतने ही नहीं, बल्कि रिश्तों और भरोसे की परीक्षा से भी गुजरना होगा. शो में शामिल सभी कंटेस्टेंट जोड़ी बनाकर खेल में उतरेंगे, लेकिन जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ेगा, दोस्ती और गठबंधन टूटते-बनते नजर आएंगे.

---विज्ञापन---

ट्रेलर में दिखा ये सीक्रेट?

ट्रेलर में दिखाया गया है कि कंटेस्टेंट्स को फिजिकल और माइंड गेम्स, सीक्रेट मिशन और कई चौंकाने वाली रणनीतियों का सामना करना पड़ेगा. यहां हर खिलाड़ी का टारटेग ज्यादा से ज्यादा पॉइंट्स हासिल करना होगा, लेकिन खेल में बने रहने के लिए भरोसा भी उतना ही जरूरी होगा. दिलचस्प बात यह है कि सबसे करीबी साथी भी कभी दुश्मन बन सकता है.

शो की क्यों हो रही चर्चा?

शो की स्टार-स्टडेड लाइनअप भी चर्चा का विषय बनी हुई है. अभिनेता रवि किशन अपनी बेटी रीवा किशन के साथ खेल में उतर रहे हैं. वहीं कुशल टंडन और अर्सलान गोनी, ज़ैद दरबार और डेजी शाह, मिनी माथुर और निखिल चिनापा जैसी चर्चित जोड़ियां भी मुकाबले का हिस्सा हैं.

---विज्ञापन---

शो में ये कंटेस्टेंट दिखाएंगे दम

इसके अलावा रूही दोसानी और नीति टेलर, वंशज सिंह और डॉली जावेद, पायल गेमिंग और सैबी सूरी, साथ ही डेलबार आर्या और अरमान खेरा भी इस अनोखे खेल में अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे.

---विज्ञापन---

क्या बोले शो के होस्ट?

शो के बारे में बात करते हुए कुणाल खेमू ने कहा कि 'एलायंस' सिर्फ टास्क जीतने का खेल नहीं है, बल्कि यह रिश्तों को संभालने, मुश्किल फैसले लेने और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की चुनौती भी है. उनके मुताबिक, शो की अनिश्चितता और रणनीति ही इसे बाकी रियलिटी शोज से अलग बनाती है.

---विज्ञापन---

कब और कहां देख पाएंगे शो?

'एलायंस' में आठ जोड़ियां एक साथ खेल की शुरुआत करेंगी, लेकिन आखिर में सिर्फ एक विजेता ही ट्रॉफी तक पहुंचेगा. ऐसे में दर्शकों को भरपूर ड्रामा, ट्विस्ट, दोस्ती, धोखा और रोमांच देखने को मिलने वाला है. 'एलायंस' का प्रीमियर 26 जून को प्राइम वीडियो पर होगा और इसके नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे.

---विज्ञापन---