Adarsh Bal Vidyalaya Prime Video: प्राइम वीडियो एक बार फिर गांव की पृष्ठभूमि पर बनी नई कहानी लेकर आ रहा है. 'पंचायत' और 'ग्राम चिकित्सालय' के बाद अब दर्शकों को 'आदर्श बाल विद्यालय' में एक ऐसे सरकारी स्कूल की दुनिया देखने को मिलेगी, जहां पढ़ाई से ज्यादा अतरंगी किस्से और मजेदार घटनाएं नजर आएंगी. सीरीज का पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है.

'आदर्श बाल विद्यालय' की कहानी

'आदर्श बाल विद्यालय' की कहानी एक बदहाल सरकारी स्कूल के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें के के मेनन हेडमास्टर ज्ञानेश्वर त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे. वह एक बड़े सरकारी ट्रेनिंग प्रोग्राम का हिस्सा बनने का सपना देखते हैं. इसी कोशिश में वह अपने स्कूल की तस्वीर बदलने की ठान लेते हैं. लेकिन यह रास्ता बिल्कुल आसान नहीं होता. स्कूल में संसाधनों की कमी, शोर मचाते बच्चे, लापरवाह माहौल और कई मजेदार चुनौतियां उनका इंतजार कर रही होती हैं.

---विज्ञापन---

सीरीज की पहली झलक ने बढ़ाई उत्सुक्ता

सीरीज की पहली झलक में कई ऐसे सीन देखने को मिले हैं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींच लिया है. कहीं लैब के बीकर में मैगी बन रही है, तो कहीं छात्र एग्जाम के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं. इन मजेदार पलों के बीच स्कूल को बेहतर बनाने की कोशिश भी कहानी का अहम हिस्सा है.

कब स्ट्रीम होगी सीरीज?

यह सात एपिसोड की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 24 जुलाई से सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. इसका निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनाया है. कहानी बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने मिलकर लिखी है.

---विज्ञापन---

सीरीज की धांसू स्टारकास्ट

के के मेनन के अलावा सीरीज में अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, अभिमन्यु सिंह, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. सीरीज के को-क्रिएटर बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना का कहना है कि यह सिर्फ एक स्कूल की कहानी नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों और छात्रों की कहानी है जो तमाम मुश्किलों के बावजूद हार नहीं मानते.

---विज्ञापन---

फैंस की एक्साइटमेंट हाई

उनके मुताबिक, ज्ञानेश्वर त्रिपाठी का किरदार हंसी के साथ-साथ दर्शकों को भावुक भी करेगा. अगर आपको 'पंचायत' और 'ग्राम चिकित्सालय' जैसी हल्की-फुल्की, देसी अंदाज वाली कहानियां पसंद आई थीं, तो 'आदर्श बाल विद्यालय' भी आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल हो सकती है.

---विज्ञापन---