Noa Nakada Death: फिल्म इंडस्ट्री और दुनिया भर के 'अल्ट्रामैन' फैंस के लिए एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मशहूर सीरीज 'अल्ट्रामैन टेओ' (Ultraman Teo) में नजर आने वाली उभरती हुई जापानी अभिनेत्री नोआ नाकाडा (Noa Nakada) का महज 23 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनकी टैलेंट एजेंसी 'तोहो एंटरटेनमेंट' ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है. इतनी कम उम्र में इस होनहार एक्ट्रेस के अचानक चले जाने से फिल्म जगत और उनके चाहने वालों में गहरा शोक है.

टैलेंट एजेंसी 'तोहो एंटरटेनमेंट' ने जारी किया आधिकारिक बयान

नोआ नाकाडा की टैलेंट एजेंसी 'तोहो एंटरटेनमेंट' (Toho Entertainment) ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए उनके निधन की पुष्टि की है. एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि वे उन सभी फैंस और लोगों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने नोआ का समर्थन किया और उनकी देखभाल की.

परिवार ने किया निजी अंतिम संस्कार, वजह का नहीं हुआ खुलासा

एजेंसी की ओर से जारी बयान में अभिनेत्री की मृत्यु का कारण या निधन की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया गया है. इसमें केवल इतना बताया गया है कि उनका हाल ही में निधन हुआ है. जानकारी के मुताबिक, नोआ के परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार बेहद निजी तरीके से संपन्न किया गया है.

साल 2016 में ऑडिशन से शुरू हुआ था एक्टिंग का सफर

21 जून 2003 को जापान के इशिकावा में जन्मी नोआ नाकाडा ने साल 2016 में 'तोहो सिंडरेला ऑडिशन' की फाइनलिस्ट बनने के बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने अपनी मासूमियत और बेहतरीन अदाकारी से कई फिल्मों और टीवी ड्रामा में अपनी खास पहचान बनाई, जिनमें 'माय डैडी' (2021) और 'निबिरो चॉकलेट विले बिएनले' (2024) शामिल हैं.

'अल्ट्रामैन टेओ' में निभा रही थीं कन्ना इजुमी का किरदार

नोआ नाकाडा जुलाई 2026 से मशहूर फ्रेंचाइजी की 60वीं वर्षगांठ पर बनी खास सीरीज 'अल्ट्रामैन टेओ' (Ultraman Teo) में 'कन्ना इजुमी' की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थीं. इस किरदार के जरिए उन्हें दुनिया भर के दर्शकों और अल्ट्रामैन फैंस से खूब प्यार और सराहना मिल रही थी.

निधन के बाद भी 4 दिसंबर को रिलीज होगी उनकी आखिरी फिल्म

अपने छोटे से करियर में कई यादगार प्रोजेक्ट्स करने वाली नोआ नाकाडा जल्द ही बड़े पर्दे पर आखिरी बार नजर आएंगी. उनकी आगामी फिल्म 'कानोजो नी अत्तारा, योरोशिकु तो' (Kanojo ni Attara, Yoroshiku to) उनके निधन के बावजूद तय कार्यक्रम के अनुसार आगामी 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रीमियर की जाएगी.